दीदी का थप्पड़ भी मेरे लिए आशीर्वाद : मोदी
पुरुलिया के सैनिक स्कूल में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरजे तो यहां उपस्थित डेढ़ लाख से अधिक लोग एक साथ मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे।
विश्वजीत भंट्ट, जमशेदपुर : पुरुलिया के सैनिक स्कूल में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरजे तो यहां उपस्थित डेढ़ लाख से अधिक लोग एक साथ 'मोदी-मोदी' के नारे लगाने लगे। ठीक 11.55 बजे नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंचे और 12.05 पर अपना संबोधन शुरू किया। मोदी ने स्थानीय लोगों को 'सोबाय के आमार नमस्कार। आपनार केमोन आछेन' कहकर अभिवादन किया। उमस भरी गर्मी और तपिश भरी कड़ी धूप के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक था। उन्होंने कहा कि दीदी कहती हैं कि मोदी को थप्पड़ मारना चाहती हूं। मैं दीदी का आदर करता हूं। उनका थप्पड़ मेरे लिए आशीर्वाद बन जाएगा। लेकिन, मुझे थप्पड़ मारना तो ठीक है, दीदी ने अपने उन साथियों को थप्पड़ मारने का साहस दिखाया होता जो चिटफंड के नाम पर गरीबों के पैसे मारकर बैठे हैं तो दीदी को आज इतना डर नहीं लगता। इतनी बौखलाहट नहीं होती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 23 मई को पता चल जाएगा। मां, मानुष और माटी की बात करके दीदी राजनीति करती हैं। आज प. बंगाल की माताएं अपनी संतानों की सुरक्षा के लिए बेचैन हैं। माटी लाल रंग से रंगी हुई है। मानुष डर के साए में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा, मोदी को गाली देने का बहुत बड़ा अभियान चल रहा है। पांच चरणों में देश ने एकमत होकर जो मतदान किया है, उसे देख विरोधी हताश हो गए हैं। मैं पुरुलिया की धरती को नमन करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पुरुलिया वासियों के साथ है। पूरा देश आपके साथ है। पुरुलिया आज जो सोचता है, वही कल पश्चिम बंगाल की सोच बन जाती है। ममता दीदी के दिन अब गिनती के रह गए हैं। 23 मई को जब नतीजे आएंगे, तो दीदी की सत्ता का अवसान शुरू हो जाएगा। सबका हिसाब चुकता हो जाएगा। मैं आश्वासन देता हूं कि टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) ने घुसपैठियों को अपना कैडर बनाया है। इनकी चुन-चुनकर पहचान होगी। पूरे पश्चिम बंगाल से घुसपैठिए खदेड़े जाएंगे। पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रति रुझान देखकर दीदी डर गई हैं, बौखलाई हुई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती है। मैं इस मंच से गुरुदेव को नमन करता हूं। आज ही के पवित्र दिन तीन साल पहले बंगाल की धरती से देश के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना देश को लांच किया था। आज देश का 21 करोड़ गरीब सुरक्षा कवच से सुरक्षित हो गए हैं। बंगाल का उत्साह मैं दिल्ली में भी बैठे हुए पूरा अनुभव करता हूं। इसलिए बंगाल के लोगों को सिर झुकाकर नमन करता हूं। गरीबों को पक्के घर, उसमें शौचालय, बिजली की रोशनी, गैस कनेक्शन मिले तो सभी गरीब सिर उठाकर जी पाएंगे। आपका यह सेवक लगातार इसके लिए प्रयास कर रहा है। गुरुदेव ने कहा था कि मैं ऐसा भारत देखना चाहता हूं, जिसके हर नागरिक का मस्तक मान से ऊंचा हो। दीदी ने गुरुदेव की शिक्षा को तार-तार कर दिया। यहां के लोगों को वोट डालने के लिए भी सोचना पड़ता है। यदि लोग दूसरी पार्टियों का प्रचार करते हैं तो उनकी हत्या कर दी जाती है। लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां के बहुत सारे वीरों ने शहादत दी है। उनकी शहादत कभी बेकार नहीं जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नामदारों ने तो कोयला माफियाओं को ही सरकार बना दिया था। दीदी उन्हीं नामदारों से गले मिल रही हैं। गरीबों के लिए केंद्र सरकार ने जितनी भी योजनाएं चलाई हैं, दीदी ने पश्चिम बंगाल में उनकी गति रोककर रखी है। लोगों को पीने का पानी तक नहीं दे पा रही हैं। 23 मई को जब नतीजे आएंगे और फिर एक बार मोदी सरकार बनेगी तब पानी के लिए खास मुहिम चलेगी। अलग से मंत्रालय बनाया जाएगा। किसानों व पशुपालकों के लिए भाजपा सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। 12 करोड़ छोटे किसानों के खाते में सीधे पैसे जा रहे हैं। ममता दीदी की बंगाल सरकार ने अभी तक यहां के किसानों की सूची तक नहीं दी है। इसी से पता चलता है कि वे गरीबों, किसानों का कितना भला चाहती हैं। बाकी के बचे दो चरणों में जब आप लोग पूरी ताकत से कमल खिलाएंगे तो दीदी केंद्र सरकार की एक भी योजना रोकने लायक नहीं रह जाएंगी। देश में फिर एक बार मजबूत सरकार बनाएं। आपका एक-एक वोट मोदी के खाते में जाना चाहिए।