गड़बेत्ता में बालश्रम पर कार्यशाला
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जनपद के गड़बेत्ता स्थित धर्मशाला परिसर में गुरुवार को गड़बेत
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जनपद के गड़बेत्ता स्थित धर्मशाला परिसर में गुरुवार को गड़बेत्ता पंचायत समिति के सहयोग से जिला शिशु सुरक्षा इकाई व जिला श्रम दफ्तर के संयुक्त तत्वावधान में बालश्रम विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस मौके पर गड़बेत्ता थाना प्रभारी प्रशांत पाठक, प्रखंड विकास अधिकारी विमल कुमार शर्मा, पंचायत समिति की सभापति लीपिका पीढ़ी व श्रम विभाग की प्रखंड अधिकारी सुकन्या भट्टाचार्य समेत अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
सुबह 11 बजे आरंभ हुई इस कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्रम अधिकारी सुकन्या भट्टाचार्य ने कहा कि बाल श्रम को अपराध की श्रेणी में रखा गया है। इसे रोकने के लिए सरकार की ओर से कानून भी बनाया गया है, परंतु वह तब तक प्रभावी नहीं हो सकता, जब तक आम लोग इस विषय में जागरूक नहीं होते हैं। प्रखंड विकास अधिकारी विमल कुमार शर्मा ने कहा कि बाल श्रम को रोकने के लिए समय-समय पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाती है। हालांकि इसे प्रभावी नहीं माना जा सकता है। आज भी हम छोटे होटलों, चाय-पान की दुकानों समेत अन्य स्थलों पर छोटे बच्चों को कार्य करते हुए देख सकते हैं। इसे रोकने के लिए आम लोगों को आवाज उठानी होगी। पंचायत समिति के विभागाध्यक्ष जय राय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बच्चों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इसके माध्यम से हम बच्चों को उनका बचपन लौटा सकते हैं।