लोगों ने लिया मुर्गा लड़ाई का आनंद
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के फड़िनडांगा स्थित मोरांगबुरु क्लब
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के फड़िनडांगा स्थित मोरांगबुरु क्लब की ओर से क्रिसमस के अवसर पर सोमवार को मुर्गा लड़ाई का आयोजन किया गया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। क्लब के सचिव लक्ष्मण मुर्मु ने कहा कि हम लगातार 43 साल से इसका आयोजन करते आ रहे हैं। पहले इसका आयोजन क्रिसमस को ध्यान में रख कर ही किया गया, लेकिन समय के साथ इसकी मांग बढ़ती गई। सर्दियों की छुट्टियों में समय काटने का यह बढि़या माध्यम है। जंगल महल में इसे संस्कृति के तौर पर भी देखा जाता है। यही वजह है कि जंगल महल के विभिन्न अंचलों में जगह-जगह यह नजर आता है। स्थानीय लोगों का बड़ा गहरा जुड़ाव इससे है। नई पीढ़ी में भी इसके प्रति नवयुवकों का काफी रुझान है। आज की लड़ाई में करीब 800 लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आगामी 31 दिसंबर व पहली जनवरी को भी इसका आयोजन होगा। सबसे बड़ा आयोजन मकर संक्रांति पर होगा। इस अवसर पर हम तीन दिनों तक मुर्गा लड़ाई का आयोजन करेंगे, जिसमें हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे।