केंद्रीय योजनाओं में धांधली पर बिफरे भाजपाई
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और धन की कथित बंदरबांट का आरोप
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और धन की कथित बंदरबांट का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत मेदिनीपुर के कलेक्ट्रेट के समक जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। गड़बड़ी दूर न होने पर बड़े पैमाने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
भाजपा नेता अरूप दास और अजय साहू के नेतृत्व में भाजपा समर्थकों ने शुक्रवार को मेदिनीपुर स्थित कलेक्ट्रेट के समक्ष जमायत की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सब का साथ सब का विकास की भावना के तहत केंद्र सरकार विभिन्न मद में राज्य सरकार को धन का आवंटन कर रही है। नियम के तहत हर कार्य संबंधित नगरपालिका या पंचायत के माध्यम से ही हो सकता है, लेकिन देखा जा रहा है कि शासक दल टीएमसी के निर्वाचित जन प्रतिनिधि इस मामले में लापरवाही बरत रहे हैं। जिससे जनता में रोष उत्पन्न हो। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि गलत तरीके से कागजों में कार्य दिखा कर राशि जेब के हवाले की जा रही है। जिनमें मनरेगा से लेकर आवास योजना बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ व किसानों के लिए चलाई जाने वाली तमाम योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जंगल महल में भी बड़ी संख्या में लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं। अधिकांश की आजीविका मेहनत-मजदूरी और खेती-बारी से चलती है। केंद्र सरकार इनके लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं, जिनमें फसल बीमा से लेकर अन्य सुविधाएं शामिल हैं, लेकिन हमें लगातार शिकायतें मिल रही है कि केंद्रीय योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिल पा रहा है। केवल कागजों पर कार्य दिखा कर राशि की बंदरबांट की जा रही है। यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जल्द ही गड़बड़ी दूर न होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा। सभा के अंत में स्मार पत्र जिलाधिकारी कार्यालय में जमा कराया गया।