जिले में रही भीम पूजा की धूम
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर व झाड़ग्राम जिले के विभिन्न हिस्सों में रविवार को भीम पूजा
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर व झाड़ग्राम जिले के विभिन्न हिस्सों में रविवार को भीम पूजा की धूम रही। प्राचीन मान्यता के मुताबिक पांडवों ने अपने वनवास के दौरान अज्ञातवाश का समय अविभाजित मेदिनीपुर के जंगलों में बिताया था। यहीं पर भीम का हिडंबा के साथ विवाह भी हुआ था। प्रतिवर्ष भीम एकादशी के मौके पर यहां पांडवों के भाई भीम की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाती है। हालांकि खास बात यह है कि रात भर चलने वाली इस पूजा के बाद इस प्रतिमा का विसर्जन नहीं होता है, बल्कि खुले आसमान के नीचे मौसम की मार झेलते हुए प्रतिमा विखंडित हो जाती है। मेदिनीपुर के भीम चौक पर बड़ी प्रतिमा प्रतिष्ठित कर पूजा का आयोजन किया गया। बेनापुकुरपाड़ (पूर्व) इलाके में भी भीम पूजा की धूम रही। इधर कर्नेलगोला स्थित लालदीघीपाड़ में शक्ति संघ की ओर से भीम पूजा समारोह का आयोजन किया गया। यहां पर विगत तीन वर्ष पहले भीम की 13 फुट ऊंचाई वाली पक्की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिवर्ष पूजा से पहले इसका रंग-रोगन व सजावट की जाती है। पूजा समारोह में शामिल श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रात भर लोकनृत्यों व गीतों के साथ आयोजन को सफल बनाते हैं।