विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: एसएससी ग्रुप सी परीक्षा में दो अभ्यर्थी धराए, मोबाइल से साथ दे रहे थे एग्जाम

Published: Sun, 01 Mar 2026 08:25 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में एसएससी ग्रुप सी परीक्षा के दौरान दो उम्मीदवारों को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। परीक्षकों ने उनके व्यवहार पर संदेह किया और फोन बरामद किए।

बंगाल में एसएससी ग्रुप सी परीक्षा में दो अभ्यर्थी धराए

बंगाल में एसएससी ग्रुप सी परीक्षा में दो अभ्यर्थी धराए

HighLights

  1. एसएससी ग्रुप सी परीक्षा में दो अभ्यर्थी मोबाइल संग पकड़े गए

  2. मालदा के निवासी बिष्णुपुर केंद्र पर परीक्षा दे रहे थे

  3. सख्त जांच के बावजूद फोन मिलने पर पुलिस को सौंपा

जागरण संवाददाता, कोलकाता। स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) ग्रुप सी परीक्षा में शामिल होने के दौरान दो उम्मीदवारों को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। दोनों मालदा के निवासी हैं। रविवार को परीक्षा देने के लिए बांकुड़ा के बिष्णुपुर रामानंद कालेज के परीक्षा केंद्र पर गए थे। दोनों को बिष्णुपुर पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

आयोग ने एसएससी ग्रुप सी परीक्षा को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए दिशानिर्देश जारी किए थे। उम्मीदवारों के लिए जूते पहनना प्रतिबंधित था।

संदेह के बाद कार्रवाई

बिष्णुपुर उपमंडल के नोडल पर्यवेक्षक अरुणाभ बनर्जी ने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले, मेटल डिटेक्टर से गहन जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी गई।

लेकिन इसके बावजूद, मालदा के दो युवक मोबाइल फोन लेकर परीक्षा देने बैठे। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही क्षणों में परीक्षकों को दोनों उम्मीदवारों के व्यवहार पर संदेह हुआ। दोबारा जांच करने पर उनके पास से मोबाइल फोन बरामद हुए।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पाबंदी

परीक्षा में मोबाइल फोन और स्मार्टवॉच समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पाबंदी थी। अनेक केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। परिसर के अंदर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने सुरक्षा में कोई कमी नहीं छोड़ी गई।