मालदा में बनेगा बड़ा एयरपोर्ट, जमीन की तलाश में पहुंचे सांसद और विधायक
मालदा में एक बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की संभावनाओं को लेकर सांसद खगेन मुर्मू और विधायक गोपाल चंद्र साहा ने अधिकारियों के साथ जमीन का निरीक्षण किया।
-1791550160443_m.webp)
मालदा में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की तैयारी (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
संवादसूत्र, जागरण, मालदा । मालदा में बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसी सिलसिले में शुक्रवार दोपहर मालदा उत्तर के सांसद खगेन मुर्मू, विधायक गोपाल चंद्र साहा और भूमि विभाग के अधिकारियों ने पुरातन मालदा के भावुक क्षेत्र स्थित पश्चिम बंजापाड़ा में जमीन का निरीक्षण किया।
सांसद और विधायक का दावा है कि जिले में बड़े हवाई अड्डे के निर्माण के लिए इस इलाके में उपयुक्त जमीन उपलब्ध हो सकती है।
सांसद और विधायक के अनुसार, प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए करीब एक हजार एकड़ जमीन की जरूरत पड़ सकती है। निरीक्षण के दौरान संभावित जमीन के साथ रनवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं के निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
हालांकि, शनिवार का निरीक्षण शुरुआती चरण का था। अभी इस जमीन को एयरपोर्ट निर्माण के लिए अंतिम रूप से चयनित नहीं किया गया है।
सांसद खगेन मुर्मू और विधायक गोपाल चंद्र साहा ने बताया कि पुरातन मालदा और गाजोल के बीच किसी उपयुक्त स्थान पर जिले के लिए बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से संभावित जमीन की पहचान और निरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है।
उनका कहना है कि केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार होने के कारण परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में पहल की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मालदा में इस तरह के हवाई अड्डे के निर्माण की योजना जल्द ही वास्तविक रूप ले सकती है।
हालांकि, परियोजना के लिए जमीन का अंतिम चयन, आवश्यक भूमि का सटीक रकबा और निर्माण कार्य शुरू होने की समयसीमा को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
