प्रेम विवाह पर हंगामा, प्रेमिका के घरवालों ने किया प्रेमी के घर पर हमला
प्रेम विवाह में झमेला न हो, यह मुमकिन ही नहीं। ऐसा ही हुआ चैतन्य मंडल और मना मंडल के प्रेम विवाह में। शनिवार को लड़की के परिजनों ने प्रेमी के घर जाकर हंगामा किया। इतना ही प्रेमी के भाई और मां का अपहरण करने का प्रयास किया। साथ ही पड़ोसियों पर भी हमला किया। इसे लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है। फिलहाल प्रेमी के घर पर पुलिस का पहरा लगाया गया है।
संवाद सूत्र, मालदा : प्रेम विवाह में झमेला न हो, यह मुमकिन ही नहीं। ऐसा ही हुआ चैतन्य मंडल और मना मंडल के प्रेम विवाह में। लड़की के मांता-पिता प्रेम विवाह के लिए राजी नहीं थे। रजामंदी के बगैर प्रेमी-प्रेमिका ने चुपके से मंदिर में विवाह और ऊपर से कोर्ट मैरिज भी कर लिया। यह बात लड़की वालों को अच्छी नहीं लगी। शनिवार को प्रेमिका के परिवारवालों ने प्रेमी के घर पर धावा बोल दिया। उस समय प्रेमी-प्रेमिका घर पर नहीं थे। प्रेमिका के परिजनों ने पहले खूब हंगामा किया। इसके बाद प्रेमी के भाई व मां को अपहरण करने का प्रयास किया। आरोप है कि प्रेमी की मां के साथ दुराचार करने का प्रयास भी किया गया। मारपीट के दौरान एक पड़ोसी युवक मगनी राय(34) बीच-बचाव के लिए गया। लेकिन गुस्साये लड़की के परिजनों ने मगनी राय पर धारदार हथियार से हमला करके घायल कर दिया।
प्रेमी चैतन्य मंडल(25) के भाई सुकांत मंडल ने बताया कि रतुआ थाना के आठ ग्राम की मना मंडल के साथ मेरे भाई का प्रेम-संबंध था। अपने प्रेम संबंध के विषय में भाभी ने अपने परिवारवालों को बताया था। लेकिन वे राजी नहीं हुए। अंत में भैया-भाभी ने कोर्ट मैरिज और मंदिर में विवाह कर लिया। इसके बाद से भाभी के परिवारवाले धमकी देने लगे। आज सुबह करीब 20 से 25 लोग हमारे घर आकर गाली-गलौज करने लगे। उस समय भैया-भाभी घर पर नहीं थे। भाभी के परिवारवालों ने मुझे और मेरी मां को बुरी तरह पीटा। हम दोनों को जबरन अपहरण करके ले जा रहे थे। लेकिन पड़ोसी ने हमें बचा लिया। इसे लेकर प्रेमी के परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। दुबारा प्रेमिका के परिजन हमला न करे, इसके लिए प्रेमी के घर पर पुलिस का पहरा लगाया गया है।