मालदा में तीन कट्ठा जमीन के विवाद में गोली चली, एक घायल
पश्चिम बंगाल के मालदा जिला में तीन कट्ठा जमीन के विवाद में गोली व बम चले। इसमे एक व्यक्ति घायल हुआ है।
मालदा [संवाद सूत्र]: मालदा जिले के गाजोल थाना क्षेत्र के लाइका दिगीग्राम इलाके में जमीन विवाद में जमकर गोली व बन चले। इसमें अब्दुल करीम(34)गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको मालदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले का आरोप पड़ोसी नियाज उद्दीन के बेटे टूटूल शेख पर लगाया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन कट्ठा जमीन को लेकर अब्दुल करीम व नियाजुद्दीन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बाद में यह विवाद चरम पर पहुंच गया। मंगलवार की सुबह विवाद और ही बढ़ गया। अब्दुल करीम को लक्ष्य करके टूटुल शेख ने गोली चलाई। गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग जमा हो गए। पड़ोसियों ने खून से लथपथ अब्दुल करीम को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखकर मालदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में रेफर किया गया। इस मामले में टूटुल शेख सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस घटना के बाद से आरोपी फरार है। गाजोल थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।