पारिवारिक कलह के कारण देवर ने भाभी को मौत के घाट उतारा
कैचवर्ड अपराध -जमीन को लेकर तीन भाईयों में लंबे समय से चल रहा था विवाद -भाभी सुमित्रा
कैचवर्ड : अपराध
-जमीन को लेकर तीन भाईयों में लंबे समय से चल रहा था विवाद
-भाभी सुमित्रा घोष की हत्या करके बड़े भाई को भी किया घायल
-दोनों देवर पेशे से सिविक वॉलेंटीयर
संवाद सूत्र,मालदा: जमीन विवाद व पारिवारिक कलह के कारण दो देवरों ने मिलकर भाभी को मौत के घाट उतार दिया। बड़ा भाई भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। यह घटना शुक्रवार देर रात को मालदा जिला के गाजोल थाना के रानीगंज इलाके की है। आरोपित दोनों देवर पेशे से सिविक वॉलेंटीयर है। मृतका भाभी का नाम सुमित्रा घोष(29)है। मृतका के पति राजू घोष भी गंभीर रूप से घायल है। इस घटना को लेकर आरोपित देवर उज्ज्वल घोष व अमित घोष के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
गाजोल थाना पुलिस ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर भाईयों के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार रात को तीनों भाईयों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। उज्ज्वल घोष व अमित घोष ने अपने बड़े भाई राजू घोष व सुमित्रा घोष को बुरी तरह पिटाई की। गंभीर हालत में दोनों को गाजोल ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखकर मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रेफर किया गया। शनिवार को अहले सुबह सुमित्रा घोष ने दम तोड़ दिया। वहीं राजू घोष की हालत गंभीर बनी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भेजा गया है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्गापूजा के समय इस घटना को लेकर इलाके में उत्तेजना का माहौल है।