अवैध संबंधों के खुलासे से डरे युवक ने की खुदकशी
- मुहल्ले की ही एक विवाहित महिला से थे अवैध संबंध - जानकारी होने पर दादी ने लगाई थी फटकार, मा
- मुहल्ले की ही एक विवाहित महिला से थे अवैध संबंध
- जानकारी होने पर दादी ने लगाई थी फटकार, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतल्ला थानांतर्गत 15 नंबर वार्ड के दक्षिण गणिपुर में अवैध संबंधों का खुलासा होने और दादी की फटकार से आहत युवक द्वारा फंदा लगा कर खुदकशी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। उसकी पहचान शिवनाथ नस्कर (21) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
दक्षिण गणिपुर निवासी शिवनाथ ने स्कूल तक की पढ़ाई की थी। उसके बाद दादी ने उसे एक टोटो खरीद दिया था, जिसे चला कर वह अपना और अपने परिवार के पांच सदस्यों का भरण पोषण करता था। परिजनों की मानें तो तीन महीने पहले दक्षिण गणिपुर की ही रहने वाली बनिता नामक महिला से उसकी पहचान हुई थी। वह अन्य यात्रियों की तरह उसके टोटो में सवार हुई थी। एक ही इलाके के होने के कारण दोनों में दोस्ती हो गई। दोनों मिलने लगे और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों में शारीरिक संबंध भी बनने लगे। पर धीरे-धीरे महिला का असली चेहरा सामने आने लगा। उसने शारीरिक संबंधों की तस्वीरें बना ली थी। इसी को हथियार बना कर वह शिवनाथ को ब्लैकमेल करने लगी थी। उससे पैसे मांगने लगी। पैसे नहीं देने पर फंसाने की धमकी देती थी। इसकी जानकारी जब दादी हो कई, तो उसने सोमवार को जमकर फटकार लगाई थी। हालांकि तब बात वहीं खत्म हो गई।
रात में सभी ने साथ खाना खाया। इसके बाद शिवनाथ अपने कमरे में सोने चला गया। पर मंगलवार की सुबह काफी आवाज देने के बाद भी उसका दरवाजा नहीं खुला। तो स्थानीय लोगों की मदद से उसे तोड़ दिया गया। दरवाजा टूटते ही शिवनाथ फंदे से लटकता मिला। इसकी सूचना महेशतल्ला थाने को दी गई। कुछ देर बाद ही पुलिस पहुंच गई और शव को फंदे से उतार कर विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने महिला के खिलाफ खुदकशी के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।