तीन साल पहले हुए बच्चे के अपहरण के मामले में पंजाब से युवक गिरफ्तार
सॉल्टलेक से तीन साल पहले हुए एक बच्चे के अपहरण के मामले में विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की अपराध दमन शाखा ने पंजाब से एक युवक को गिरफ्तार किया है।
-2015 की 24 जुलाई को हुआ था बच्चे का अपहरण
-आरोपित को सात दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया कोलकाता
.............
जागरण संवाददाता, कोलकाता : सॉल्टलेक से तीन साल पहले हुए एक बच्चे के अपहरण के मामले में विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की अपराध दमन शाखा ने पंजाब से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसका नाम शिव प्रकाश यादव है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कोलकाता पहुंची पुलिस ने शनिवार को उसे विधाननगर अदालत में पेश किया गया। उसे पुलिस हिरासत में लेकर पड़ताल शुरु की गई है।
ये है मामला
साल 2015 की 24 जुलाई को विधाननगर आइएलएस अस्पताल के पास नगेंद्र यादव नामक व्यक्ति की चाय की दुकान है। वहीं से शिव प्रकाश ने नगेंद्र के छोटे बेटे विशाल का अपहरण कर लिया था। बड़े बेटे विवेक से अपहरण की खबर मिलने के बाद नगेंद्र ने 25 जुलाई, 2015 को विधाननगर उत्तर थाने में शिव प्रकाश पर अपने बेटे के अपहरण का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में उतरी पुलिस को पता चला कि शिव प्रकाश बच्चे को लेकर राज्य से बाहर चला गया है। 2016 में सॉल्टलेक के डीडी-7 ब्लॉक में एक 10 मंजिला निर्माणाधीन मकान से नरकंकाल बरामद हुआ था।। इस बीच दो बार जांच अधिकारी बदल जाने से मामले की तफ्तीश बाधित हुई। नए जांच अधिकारी ने कमान संभाला और दोबारा जांच शुरू की। उन्हें पता चला कि आरोपित शिव प्रकाश पंजाब में छिपा हुआ है। इसके बाद विधाननगर अपराध दमन शाखा (डिटेक्टिव डिपार्टमेंट) पुलिस ने पंजाब पुलिस की मदद से गुरुवार को टिब्बा इलाके में छापामारी कर शिव प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। उसे लुधियाना अदालत में पेश कर सात दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया। पुलिस को संदेह है कि सॉल्टलेक से बरामद नरकंकाल अगवा बच्चे का है।