एडीजी का करीबी बता ट्रैफिक इंस्पेक्टर को धमकी, गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, कोलकाता : विधाननगर उत्तर थाना क्षेत्र में खुद को राज्य पुलिस के एडीजी (कानून व्यव
जागरण संवाददाता, कोलकाता : विधाननगर उत्तर थाना क्षेत्र में खुद को राज्य पुलिस के एडीजी (कानून व्यवस्था) अनुज कुमार का करीबी बता कर ट्रैफिक पुलिस को धमकाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम रिजाउद्दीन अहमद है। वह मूलरूप से इंटाली थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में दुबई में कार्यरत है। रविवार को उसे विधाननगर अदालत में पेश किया गया, जहां से सशर्त जमानत मिल गई। जानकारी के मुताबिक शनिवार को विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के ट्रैफिक इंसपेक्टर विप्लव कुमार मंडल सॉल्टलेक सिटी सेंटर एक के पास ड्यूटी पर थे। तभी रिजाउद्दीन अपनी मोटरसाइकिल से पहुंचा और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए सिग्नल के पार निकल गया। यह देख ट्रैफिक इंस्पेक्टर विप्लव ने रिजाउद्दीन को पकड़ लिया। कानूनन उसने जुर्माने की रसीद काट कर रिजाउद्दीन को थमा दिया। यह देख वह भड़क गया। उसने विप्लव को धमकाते हुए कहा कि उसकी पहुंच काफी ऊपर तक है। वह एडीजी (कानून व्यवस्था) का करीबी है। यही नहीं, उसने फोन लगा कर विप्लव को यह कहते हुए थमा दिया कि अनुज शर्मा फोन पर हैं। विप्लव ने फोन पकड़ा, तो विपरीत दिशा से फोन करने वाले ने एडीजी बताते हुए ट्रैफिक इंस्पेक्टर को फटकार लगाना शुरू कर दिया। पर कुछ देर उससे बात करने के बाद विप्लव समझ गया कि फोन करने वाला व्यक्ति कोई पुलिस अधिकारी नहीं है। इसके बाद विलप्व रिजाउद्दीन को विधाननगर उत्तर थाना ले गया। वहां पूछताछ में पता चला कि कोलकाता पुलिस के एक इंसपेक्टर का बेटा ही खुद को एडीजी बता कर फोन कर रहा था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।