40 साल की पत्नी ने 20 साल के पति का कान काट डाला, जानिए- क्या है मामला
प्रेम विवाह के बाद पत्नी को छोडऩे के लिए सोचने भर से आधी उम्र के पति पर पत्नी ने जुल्म ढहा दिया। पत्नी ने बंदूक की नोक पर उसके दोनों कान काट लिए।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। एक युवक को अपने से दोगुनी उम्र की महिला से प्रेम विवाह और बाद में तलाक देने की बात कहना महंगा पड़ा। तलाक की बात सामने अाने पर महिला ने युवक को चार दिनों तक घर में बंधक बना लिया। उसने भागने का प्रयास किया तो महिला ने अपनी बहन के साथ मिलकर बंदूक की नोक पर युवक के दोनों कान काट लिए। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। घटना के बाद से पत्नी और साली फरार हैं। सूत्रों के अनुसार नारकेलडांगा थाना अंतर्गत नॉर्थ रोड के बस्ती इलाका निवासी मोहम्मद तनवीर (20) ने करीब दो वर्ष पहले मुमताज बीबी (40) से प्रेम विवाह किया था। निकाह के कुछ ही दिनों बाद दोनों के बीच अनबन होने लगी थी। आरोप है कि तनवीर को कोई भी काम करने से पहले पत्नी मुमताज की इजाजत लेनी पड़ती थी।
यहां तक कि मां से मिलने के लिए भी मुमताज की इजाजत जरूरी होती थी। बेटे पर इस अत्याचार को तनवीर की मां सह नहीं पा रही थी, इसलिए उन्होंने मुमताज को रुपये लेकर बेटे को छोड़ देने की पेशकश की थी।
बताया गया कि दोनों पक्षों में सहमति बनने पर तनवीर की मां ने अपना एक घर बेचकर रकम मुमताज को दे दी थी। इस पर पत्नी का लालच बढ़ गया और उसने तनवीर को छोड़ने से इनकार कर दिया था। पत्नी के अत्याचार से तंग आकर तनवीर दक्षिण 24 परगना जिले के मल्लिकपुर में भाग गया था। लेकिन इसकी भनक मुमताज को हो गई थी। वह अपनी बहन के साथ मल्लिकपुर जा पहुंची और तनवीर को जबरन उठा लाई थी। इसके बाद उसे बंधक बना लिया था।
गत मंगलवार को एक बार फिर तनवीर ने भागने का प्रयास किया तो मुमताज ने उसे दबोच लिया। इसके बाद अपनी बहन के साथ मिलकर उसे बेरहमी से पीटा फिर बंदूक की नोक पर धारदार हथियार से उसके दोनों कान काट लिए। अधिक खून बह जाने से तनवीर बेहोश गया। मुमताज को लगा की वह मर गया तो वह अपनी बहन के साथ वहां से भाग निकली।
होश आने पर किसी तरह तनवीर वहां से भाग निकला और परिजनों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद उसे गंभीर अवस्था में एनआरएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीडि़त परिवार ने पत्नी मुमताज और उसकी बहन के खिलाफ नारकेलडांगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।