विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम मेदिनीपुर में विधवा युवती और युवक को खंभे से बांधकर उत्पीड़न, चेहरे पर लगाया चूना

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:25 PM (IST)

पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना में एक विधवा युवती और युवक को प्रेम संबंध के आरोप में खंभे से बांधकर सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पश्चिम मेदिनीपुर में विधवा युवती और युवक को बांधकर प्रताड़ित किया गया

पश्चिम मेदिनीपुर में विधवा युवती और युवक को बांधकर प्रताड़ित किया गया

HighLights

  1. पश्चिम मेदिनीपुर में विधवा युवती और युवक को बांधकर प्रताड़ित किया गया।

  2. प्रेम संबंध के आरोप में खंभे से बांधकर चेहरे पर चूना लगाया।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सुरक्षित बचाया, कोई गिरफ्तारी नहीं।

राज्य ब्यूरो,कोलकाता। पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोना थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय विधवा युवती और एक युवक को खंभे से बांधकर उत्पीड़न करने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के एक वर्ग पर दोनों के बीच प्रेम संबंध का आरोप लगाकर उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को छुड़ाया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, चंद्रकोना नगरपालिका के गोसाईबाजार जवाहरपुर की रहने वाली युवती के पति की करीब तीन महीने पहले असामान्य परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी।

पुलिस ने उस मामले में असामान्य मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को युवती से मिलने आए संदेशखाली निवासी एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पर विवाहेतर संबंध का आरोप लगाकर उन्हें खंभे से बांध दिया गया।आरोप है कि दोनों के चेहरे पर चूना लगाया गया और उनके साथ विभिन्न तरीकों से उत्पीड़न किया गया।

घटना की सूचना मिलने पर चंद्रकोना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मुक्त कराया। जिला पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, युवती और युवक की हाल में इंटरनेट मीडिया के जरिए पहचान हुई थी और युवक उससे मिलने आया था। थाने में गांववालों, युवती के परिवार या दोनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।