बंगाल में अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने पर कई जिलों में महिलाओं का प्रदर्शन, पंचायत कार्यालय में जड़ा ताला
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने पर प्रदर्शन किया, जिसमें मालदा, नदिया, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा शामिल हैं।

अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने पर कई जिलों में महिलाओं का प्रदर्शन।
HighLights
महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना की राशि न मिलने पर प्रदर्शन किया।
मालदा, नदिया, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर और हावड़ा में विरोध प्रदर्शन हुए।
प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ कार्यालयों के सामने धरना दिया और सड़कें जाम कीं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर सोमवार को राज्य के कई जिलों में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। मालदा के हरिश्चंद्रपुर, नदिया के कृष्णगंज, हुगली के पोलबा, पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर और हावड़ा के पांचला व उदयनारायणपुर में महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
कहीं बीडीओ कार्यालय के सामने धरना दिया गया तो कहीं सड़क जाम की गई। पोलबा में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं पर पंचायत कार्यालय में ताला लगाने का भी आरोप है।
पोलबा की सुगंधा ग्राम पंचायत में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने तीन-चार महीने से राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए पंचायत कार्यालय में ताला लगा दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बात की। खड़गपुर में महिलाओं ने नगरपालिका के सामने राज्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया, लेकिन महिलाओं ने बाद में नगरपालिका अध्यक्ष के कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
पांचला और उदयनारायणपुर में भी महिलाओं ने राशि नहीं मिलने की शिकायत पर सड़क जाम किया। मालदा के हरिश्चंद्रपुर-1 में महिलाओं ने बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि आवेदन करने और जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें अन्नपूर्णा योजना की मासिक तीन हजार रुपये की राशि नहीं मिल रही है।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि संपन्न लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि जरूरतमंद महिलाएं वंचित हैं। कृष्णगंज में भी महिलाओं ने इसी शिकायत को लेकर बीडीओ कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरना दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
चौथी किस्त के बाद फिर उठे सवाल
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर भवानीपुर में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से बताया था कि राज्य की करीब डेढ़ करोड़ महिलाओं के खातों में योजना की चौथी किस्त भेजी जा रही है। इसके बाद भी कई जिलों में महिलाओं ने राशि नहीं मिलने की शिकायत की है।
पिछले महीने भी विभिन्न जिलों में ऐसी शिकायतों को लेकर प्रदर्शन हुए थे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि 20 अगस्त दोपहर 12 बजे तक किसी पात्र महिला के खाते में तीन हजार रुपये नहीं पहुंचने पर राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। अब निर्धारित समय पर राशि नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए फिर प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
