लक्ष्मी पूजा तक बंगाल में शुष्क बना रहेगा मौसम का मिजाज, नवंबर के अंत में बारिश और तेज हवाओं के आसार
बंगाल के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं, जहां बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में निम्न दबाव क्षेत्र बने हैं, जिनमें से एक चक्रवात में बदल सकता है।

लक्ष्मी पूजा तक बंगाल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।
HighLights
बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव चक्रवात बन सकता है।
लक्ष्मी पूजा तक बंगाल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।
27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल में बारिश के आसार हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। एक बार फिर बंगाल के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में दो निम्न दबाव क्षेत्र बने हैं, जबकि अंडमान सागर में एक और मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है। मौसम के विभिन्न माडलों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया निम्न दबाव आगे चलकर चक्रवात में बदल सकता है।
हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने अभी चक्रवात बनने को लेकर कोई आधिकारिक पूर्वानुमान जारी नहीं किया है। मौसम विभाग के अनुसार, लक्ष्मी पूजा तक दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
थाईलैंड और म्यांमार के तटीय क्षेत्रों से आया चक्रवाती परिसंचरण अंडमान सागर पहुंच गया है। इसके पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने तथा शुक्रवार को दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के पास बना एक अन्य परिसंचरण अगले 24 घंटों में निम्न दबाव में बदल सकता है। अरब सागर में बना निम्न दबाव सोमालिया तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय से बताया गया कि कोलकाता में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि दोपहर में नमी के कारण हल्की उमस महसूस हो सकती है।
सुबह और शाम मौसम सुहावना रहेगा। शहर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल में बारिश के आसार
दक्षिण बंगाल में 25 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 26 अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है और 27 अक्टूबर से तटीय तथा आसपास के जिलों में बारिश होने के आसार हैं।
अक्टूबर के अंतिम दिनों और नवंबर की शुरुआत में दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम बदलने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम
उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्र दार्जिलिंग तथा समतल वाले जिले जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में फिलहाल मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।
सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना रहेगा तथा आसमान अधिकतर साफ रहने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर बंगाल में लक्ष्मी पूजा तक बारिश की संभावना कम है। रविवार तक भी अधिकांश जिलों में शुष्क मौसम बने रहने के संकेत हैं।
