बंगाल में शिक्षकों के लिए राहत, चार साल बाद दोबारा खुला 'उत्सश्री पोर्टल'
बंगाल के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है क्योंकि चार साल बाद 'उत्सश्री' ऑनलाइन स्थानांतरण पोर्टल फिर से खुल गया है।

HighLights
उत्सश्री ऑनलाइन स्थानांतरण पोर्टल चार साल बाद फिर से खुला।
शिक्षक अब सामान्य और विशेष आधार पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
लंबित आवेदनों के निपटारे और पारदर्शिता की मांग की गई।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के लिए एक राहत भरी खबर है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने लगभग चार वर्षों के लंबे अंतराल के बाद स्थानांतरण (तबादले) के लिए आवेदन स्वीकार करने वाला 'उत्सश्री' ऑनलाइन पोर्टल बुधवार से दोबारा खोल दिया है।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2022 में कुछ विशेष परिस्थितियों और शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों (ग्रुप-सी और ग्रुप-डी) की नियुक्ति प्रक्रियाओं के कारण इस पोर्टल को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था। अब शिक्षक तय नियमों के तहत सामान्य और विशेष आधार पर स्थानांतरण के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस निर्णय का शिक्षक समाज ने स्वागत किया है, लेकिन इसके क्रियान्वयन को लेकर कुछ चिंताएं भी जताई जा रही हैं। 'बंगीय शिक्षक व शिक्षा कर्मचारी समिति' के महासचिव स्वपन मंडल ने कहा कि वे इस कदम की सराहना करते हैं, लेकिन सरकार को वर्ष 2021 से लंबित पड़े पुराने आवेदनों का निपटारा पहले करना चाहिए, अन्यथा यह दोबारा कानूनी पेचीदगियों में फंस सकता है।
वहीं, 'शिक्षानुरागी ऐक्य मंच' और 'आल पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन' ने मांग की है कि स्थानांतरण की इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखा जाए, भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त न किया जाए और शिक्षकों को उनके गृह जिलों में काम करने का अवसर दिया जाए।
