विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: 24 घंटे में 2 एनकाउंटर, छात्रा से दुष्कर्म-हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:18 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दो आरोपी मारे गए हैं।

24 घंटे में 2 एनकाउंटर।

24 घंटे में 2 एनकाउंटर।

HighLights

  1. पश्चिम बंगाल में 24 घंटे में दो पुलिस मुठभेड़ें हुईं।

  2. गाइघाटा में छात्रा दुष्कर्म-हत्या का आरोपी प्रह्लाद दास मारा गया।

  3. मुर्शिदाबाद में सुजीत मंडल हत्याकांड का आरोपी सामाउन शेख भी ढेर।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 24 घंटे के अंदर दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपितों की मौत हो गई है। पुलिस ने सोमवार देर रात उत्तर 24 परगना के गायघाटा में 11वीं की छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रह्लाद दास को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दास दुष्कर्म और हत्या के मामले में मुख्य आरोपित था।

पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म और हत्या के मामले में घटना का पुनर्निर्माण कराने के बाद लौटते समय आरोपित ने एक पुलिस अधिकारी का रिवाल्वर छीनकर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोलीबारी की, जिसमें प्रह्लाद घायल हो गया। उसे चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह गायघाटा में 11वीं की छात्रा का रक्तरंजित शव एक रिश्तेदार के घर के पीछे शौचालय के पास मिला था। वह शनिवार रात अपनी सहेलियों के साथ बाहर निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी। स्वजन ने काफी तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस ने मामले में प्रह्लाद दास को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, जांच के सिलसिले में उसे घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण कराया गया था। लौटते समय उसने कथित तौर पर पुलिस की गाड़ी पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में प्रह्लाद मारा गया।

उधर, मुर्शिदाबाद के धुलियान में पुलिस एनकाउंटर में सुजीत मंडल हत्याकांड में गिरफ्तार सामाउन शेख की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना के पुनर्निर्माण के दौरान आरोपित ने एक पुलिसकर्मी का रिवाल्वर छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे जंगीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को सुजीत मंडल हत्याकांड की जांच के सिलसिले में सामाउन शेख को घटनास्थल पर ले जाया गया था। यह जगह मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के पुरातन डाकबंगला इलाके में है। यहां सुजीत की हत्या कर दी गई थी। दोपहर करीब 2.45 बजे घटना का पुनर्निर्माण चल रहा था। इस दौरान आरोपित और पुलिसकर्मियों के बीच कथित तौर पर हाथापाई हो गई।

पुलिस का आरोप है कि सामाउन ने एक पुलिसकर्मी का आग्नेयास्त्र छीन लिया और भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर तीन राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें सामाउन मारा गया। सुजीत मंडल 28 अगस्त को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। बाद में उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। मामले में सामाउन शेख, ताजकिरा बीबी और जानी शेख को गिरफ्तार किया गया था।

गौरतलब है कि राज्य में साढ़े तीन महीने के अंदर तीन पुलिस एनकाउंटर हुए हैं। आठ जुलाई को दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रभास मंडल की इसी तरह आधी रात री-क्रिएशन के दौरान एनकाउंटर में मौत हो गयी थी।