ममता के पैर में फ्रैक्चर पर सियासी घमासान, मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए बोले सीएम शुभेंदु- नए सिरे से जांच करेगी सरकार
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि बंगाल सरकार 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान ममता बनर्जी के नंदीग्राम ...और पढ़ें

HighLights
बंगाल सरकार ममता बनर्जी की नंदीग्राम चोट की जांच करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने मेडिकल रिपोर्ट दिखाकर दावे को झूठा बताया।
आचार संहिता हटने के बाद जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल सरकार 2021 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान नंदीग्राम में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पैर में लगी चोट के कथित झूठे दावों की नए सिरे से जांच करेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को इसकी घोषणा की।
राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने शुक्रवार को किए गए अपने दावों के समर्थन में बांगुर इंस्टीट्यूट आफ न्यूरोसाइंस द्वारा जारी ममता की मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए कहा कि बनर्जी ने 2021 में नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान पैर में फ्रैक्चर होने का नाटक किया था।
शुभेंदु ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में ममता के पैर में फ्रैक्चर या हड्डी खिसकने का कोई प्रमाण नहीं है। हम इस मामले की जांच शुरू करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ममता के झूठे आरोप से नंदीग्राम के लोगों का अपमान हुआ। नौ अक्टूबर के बाद चुनाव आदर्श आचार संहिता हटने पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। नंदीग्राम में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के कारण फिलहाल आचार संहिता लागू है। चुनाव नतीजे नौ अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
मालूम हो कि शुभेंदु ने एक दिन पहले शुक्रवार को नंदीग्राम के बिरुलिया बाजार में एक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया था कि ममता बनर्जी के पैर में कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ था। इसके अगले दिन उन्होंने डाक्टरों की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया। यही वह स्थान है, जहां पांच साल पहले ममता घायल हुई थीं।
तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता को 10 मार्च, 2021 को चुनाव प्रचार के दौरान नंदीग्राम के बिरुलिया के रेयापाड़ा इलाके में बाएं पैर और कमर में चोट लगी थी। ममता ने शुरुआत में कहा था कि कुछ अज्ञात लोगों ने जानबूझकर उन्हें उनकी कार के दरवाजे की ओर धक्का दिया, जिससे दरवाजा उनके बाएं पैर से जोर से टकराया और भारी भीड़ के बीच पैर चोटिल हो गया।
बाद में ममता ने बताया था कि समर्थकों का अभिवादन करते समय भारी भीड़ उनकी कार के पास आ गई थी, जिससे उनका पैर दब गया और उन्हें चोट लगी। इसके बाद उन्हें कोलकाता लाया गया था और सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विस्तृत जांच के बाद ममता को 12 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दी गई थी। उस समय उनके बाएं पैर पर प्लास्टर था और व्हीलचेयर पर बैठकर उन्होंने पूरे राज्यभर में चुनाव प्रचार जारी रखा था। 2021 के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 294 में से 216 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा 77 सीटों पर सिमट गई थी।
