बंगाल में दो साल में चार नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे, कोलकाता से यूरोप के लिए जल्द शुरू होगी सीधी विमान सेवा
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने घोषणा की कि पश्चिम बंगाल में अगले दो वर्षों में चार नए ...और पढ़ें

बंगाल में दो साल में चार नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे।
HighLights
बंगाल में अगले दो वर्षों में चार नए हवाई अड्डे बनेंगे।
कोलकाता के लिए दूसरे बड़े हवाई अड्डे की भी योजना बनाई जा रही है।
कोलकाता से यूरोप के लिए सीधी विमान सेवा जल्द शुरू होगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने सोमवार को कहा कि बंगाल में अगले दो वर्षों में चार नए हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे।
नायडू ने राज्य में ‘उड़ान’ योजना के क्रियान्वयन के लिए यहां राज्य सचिवालय नवान्न सभागार में नागरिक विमानन मंत्रालय और बंगाल सरकार के बीच समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि केंद्र सरकार क्षेत्र में हवाई संपर्क की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कोलकाता में दूसरा हवाई अड्डा भी चाहती है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में बंगाल सरकार ने केंद्र की उड़ान योजना के तहत राज्य में चार नए हवाईअड्डों के विकास के लिए नागरिक विमानन मंत्रालय के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

उन्होंने कहा कि चार नए हवाई अड्डे पुरुलिया जिले के छर्रा, पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट और अलीपुरद्वार के हासीमारा में बनाए जाएंगे।
नायडू ने कहा कि बंगाल में अगले 10 वर्षों के दौरान ‘उड़ान’ योजना के तहत 29,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने इस मौके पर बंगाल सरकार से निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नई नागरिक विमानन नीति बनाने का भी अनुरोध किया।
कोलकाता से यूरोप के लिए जल्द शुरू हो सकती सीधी विमान सेवा
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से कोलकाता को ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों से जोड़ने वाली सीधी उड़ानें शुरू करने तथा दुर्गापुर के अंडाल हवाई अड्डे से विमान सेवाएं बढ़ाने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री के आग्रह पर केंद्रीय उड्डयन मंत्री नायडू ने इसे जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कोलकाता के पास नया हवाई अड्डा विकसित करने के लिए कल्याणी में 2,000 एकड़ जमीन चिह्नित की है।
कोलकाता से चार प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए भी विमान सेवा शुरू करने की मांग
मुख्यमंत्री ने इस दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री से कोलकाता से चार प्रमुख तीर्थ स्थलों- अयोध्या, तिरुपति, राजस्थान के खाटूश्याम और पंजाब के अमृतसर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने का भी अनुरोध किया।
बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए नई नागरिक विमानन नीति बनाए राज्य सरकार
केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने सुझाव दिया कि बंगाल में विमानन क्षेत्र के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार को नई नागरिक विमानन नीति बनानी चाहिए। इससे एयरलाइंस, हवाईअड्डों में निवेश करने वाली कंपनियों और विमानन क्षेत्र के निवेशकों को बंगाल में आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसे प्रयासों में राज्य को हरसंभव सहयोग देगी। बढ़ते हवाई यातायात को देखते हुए केंद्रीय मंत्री ने कोलकाता में दूसरे बड़े हवाईअड्डे की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि मुंबई और दिल्ली की तरह कोलकाता में भी दूसरे बड़े हवाईअड्डे के विकास से मौजूदा हवाई यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि कल्याणी में नए हवाईअड्डे के लिए 2,000 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। उन्होंने कहा कि बेहला फ्लाइंग स्कूल को देश के फ्लाइंग ट्रेनिंग आर्गनाइजेशन (एफटीओ) की सूची में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहला फ्लाइंग क्लब के विकास से राज्य में नए पायलट तैयार करने में मदद मिलेगी।
