बंगाल में दिसंबर के बाद 250 और गैर-सहायता प्राप्त मदरसे बंद होंगे
बंगाल सरकार दिसंबर के बाद 250 और गैर-सहायता प्राप्त मदरसों को बंद करेगी, जबकि 252 को पहले ही नोटिस दिया ...और पढ़ें

दिसंबर के बाद 250 गैर-सहायता प्राप्त मदरसे बंद होंगे। (फाइल फोटो)
HighLights
दिसंबर के बाद 250 गैर-सहायता प्राप्त मदरसे बंद होंगे।
न्यूनतम बुनियादी ढांचे की कमी के कारण कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का लक्ष्य छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार दिसंबर के बाद करीब 250 और सरकारी मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त मदरसों को बंद करेगी। अल्पसंख्यक मामले एवं मदरसा शिक्षा मंत्री खुदीराम टुडू ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विभाग की ओर से न्यूनतम बुनियादी ढांचा नहीं होने पर 252 मदरसों को तत्काल बंद करने का नोटिस दिया गया है। हालांकि, इनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसलिए दिसंबर में अंतिम परीक्षा तक इन्हें बंद नहीं किया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, क्षेत्रीय निरीक्षण के बाद करीब 100 अन्य मदरसों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनसे दुर्गापूजा से पहले जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर इन मदरसों को भी बंद किया जाएगा। विभाग के अनुमान के अनुसार दिसंबर के बाद राज्य में करीब 600 मदरसों के बंद होने की स्थिति बन सकती है।
2,396 मदरसे बिना पंजीकरण या संबद्धता के
क्षेत्रीय सत्यापन में राज्य में 2,396 ऐसे मदरसों का पता चला है, जो किसी सरकारी बोर्ड से आवश्यक पंजीकरण या संबद्धता के बिना संचालित हो रहे हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य में ऐसे मदरसों का संचालन नहीं होने देगी। सरकार का कहना है कि मदरसों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को आधुनिक और मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना उसका उद्देश्य है।
