विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: PF का पैसा दबाने वाले पांच चाय बागानों के खिलाफ FIR दर्ज, 2 वर्षों से जमा नहीं करवा रहे थे रकम

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:47 PM (IST)

सिलीगुड़ी में भविष्य निधि क्षेत्रीय कार्यालय ने श्रमिकों के पीएफ की राशि जमा न करने वाले चाय बागानों पर शिकंजा ...और पढ़ें

पीएफ सिलीगुड़ी क्षेत्रीय कार्यालय के आयुक्त एसएन झा।

पीएफ सिलीगुड़ी क्षेत्रीय कार्यालय के आयुक्त एसएन झा।

HighLights

  1. पीएफ क्षेत्रीय कार्यालय सिलीगुड़ी ने चाय बागानों पर कार्रवाई की।

  2. दार्जिलिंग जिले के पांच चाय बागानों पर एफआईआर दर्ज।

  3. दो वर्षों से 5 करोड़ से अधिक पीएफ बकाया।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। श्रमिकों के वेतन पीएफ की राशि काटने के बाद उसे विभाग में जमा नहीं कराने वाले चाय बागानों पर भविष्य निधि क्षेत्रीय कार्यालय सिलीगुड़ी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

दार्जिलिंग जिले में पिछले दो दिनों के दौरान 5 चाय बागानों के खिलाफ अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग के अनुसार इन मामलों में पिछले दो वर्षों में बकाया पीएफ की राशि 5 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है।

श्रमिकों के वेतन से हर माह निर्धारित राशि की कटौती की जाती है। नियमानुसार इस रकम को संबंधित भविष्य निधि खाते में समय पर जमा करना होता है। आरोप है कि दार्जिलिंग जिले के संबंधित चाय बागानों ने श्रमिकों के वेतन से रकम काटने के बावजूद उसे निर्धारित समय पर पीएफ कार्यालय में जमा नहीं कराया।

बताया गया कि श्रम विभाग के सहयोग से इसी सप्ताह दार्जिलिंग जिले के 19 चाय बागानों में विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान मुख्य रूप से यह जांच की गई कि श्रमिकों के वेतन से काटी जा रही पीएफ राशि नियमित रूप से जमा हो रही है या नहीं।

पीएफ विभाग के आधिकारिक सूत्र बताते हैं कि जांच के बाद ओक्स चाय व नामरिंग चाय बागान के खिलाफ रंगली-रंगलियोट थाना, विजयनगर चाय बागान के खिलाफ नक्सलबाड़ी थाना, सुकना चाय बागान के खिलाफ सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के प्रधाननगर थाना व तेलीमिल चाय बागान के खिलाफ संबंधित थाना में एफआइआर दर्ज कराई गई।

पीएफ सिलीगुड़ी क्षेत्रीय कार्यालय के आयुक्त एसएन झा ने बताया कि श्रमिकों के वेतन से पीएफ की राशि काटने के बाद उसे समय पर जमा नहीं कराया गया। पिछले दो वर्षों में बकाया रकम पांच करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। जिस वजह से उन पांच चाय बागान पर एफआइआर किया गया है।

उन्होंने कहा कि जिले में ऐसे अभी कई अन्य चाय बागान हैं, जहां पीएफ जमा कराने में अनियमितता की शिकायत या संदेह है। उन बागानों की भी जांच की जा रही है। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।