डेंगू जागरूकता बढ़ाने के लिए बंगाल के सभी स्कूलों में बनेगा ‘ग्रीन स्कूल’, साफ-सफाई पर जोर
बंगाल के स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में डेंगू जागरूकता बढ़ाने और उन्हें 'ग्रीन स्कूल' बनाने की पहल की है।

बंगाल के सभी स्कूलों में बनेगा ‘ग्रीन स्कूल’। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
स्कूल शिक्षा विभाग की डेंगू जागरूकता और ग्रीन स्कूल पहल।
डेंगू रोकथाम उपायों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
स्कूलों में साफ-सफाई, पर्यावरण संतुलन और हरित गतिविधियों पर जोर।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य के सभी स्कूलों में डेंगू को लेकर जागरूकता बढ़ाने और स्कूलों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने पहल की है। इस संबंध में विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर सभी स्कूलों को डेंगू रोकथाम और ‘ग्रीन स्कूल’ तैयार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
विभाग की ओर से जारी निर्देशिका के अनुसार, स्कूलों में डेंगू से बचाव के उपायों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को डेंगू से बचाव, मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने और जमा पानी साफ रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।
विद्यार्थियों को अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करने तथा घर और आसपास के इलाकों में भी डेंगू रोकथाम का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया है।
स्कूलों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर जोर
नवान्न में हाल में हुई उच्चस्तरीय बैठक में स्कूलों में डेंगू रोकथाम और पर्यावरण अनुकूल माहौल तैयार करने को लेकर लिए गए निर्णय के आधार पर यह निर्देशिका जारी की गई है। इसे सभी स्कूल जिला निरीक्षकों को भेजा गया है।
स्कूलों को परिसर साफ रखने, पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को सही तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही स्वच्छ व हरित विद्यालय रेटिंग (एसएचवीआर) से जुड़ी गतिविधियों को भी उचित तरीके से संचालित करने को कहा गया है। जिला स्तर से स्कूलों में इन निर्देशों के क्रियान्वयन की निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है।
