विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

षष्ठी के दिन राज्यसभा उपचुनाव, कोयल मल्लिक की खाली सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:45 PM (IST)

पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा के बीच राज्यसभा उपचुनाव की घोषणा हुई है। कोयल मल्लिक के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना होगी।

कोयल मल्लिक की खाली सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान।

कोयल मल्लिक की खाली सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान।

HighLights

  1. बंगाल में 16 अक्टूबर को राज्यसभा उपचुनाव, कोयल मल्लिक की सीट पर।

  2. दुर्गापूजा के षष्ठी के दिन होगा मतदान और मतगणना।

  3. चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी की, नामांकन 6 अक्टूबर तक।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य में विधानसभा उपचुनाव के बाद अब दुर्गापूजा के बीच राज्यसभा उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग ने तृणमूल कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सदस्य कोयल मल्लिक के इस्तीफे से रिक्त हुई बंगाल की सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान की घोषणा की है। मतदान षष्ठी के दिन होगा। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार मतगणना भी उसी दिन होगी।

चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

मतदान सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक और मतगणना शाम पांच बजे से होगी। कोयल मल्लिक ने 16 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनकी सीट का कार्यकाल अप्रैल 2032 तक था। इसी रिक्ति को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।

पहले भी इस्तीफा दे चुके थे तीन सांसद

विधानसभा चुनाव के बाद राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले तृणमूल के सांसदों में सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी शामिल थे। बाद में इन तीनों को फिर राज्यसभा भेजा गया था। कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद उनके दोबारा राज्यसभा जाने को लेकर भी राजनीतिक चर्चा शुरू हुई थी।

कोयल को तृणमूल ने इस वर्ष फरवरी में राज्यसभा उम्मीदवार बनाया था। मार्च में वह निर्वाचित हुई थीं। हालांकि उन्होंने संसद के किसी अधिवेशन में हिस्सा नहीं लिया और जुलाई में इस्तीफा दे दिया।

उनके इस्तीफे के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात भी हुई थी। बंगाल की इस सीट के अलावा उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर भी 16 अक्टूबर को चुनाव होगा।