West Bengal Politics : ममता का केंद्र पर आरोप, बंगाल के आइएएस व आइपीएस अधिकारियों को दी जा रही धमकी
West Bengal Politics निशाना-ममता ने कहा-राज्यों के अधिकार में लगातार अतिक्रमण कर रहा है केंद्र। लक्ष्मण रेखा नहीं लांघने की दी नसीहत। अधिकारियों को लगातार धमकी दी जा रही है कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां जांच करेगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे के बीच तृणमूल सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रशासनिक बैठक के दौरान केंद्र सरकार पर एक बार फिर हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। ममता ने कहा कि राज्य के आइएएस व आइपीएस अधिकारियों को केंद्रीय जांच एजेंसियों के नाम से डराया जा रहा है। अधिकारियों को लगातार धमकी दी जा रही है कि अगर वह उनकी बात नहीं मानेंगे, तो उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां जांच करेगी।
आयकर विभाग व सतर्कता आयोग से जांच व प्रताड़ित करने की धमकी
मुख्यमंत्री ने केंद्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य के पुलिस अधिकारियों को आयकर विभाग, सतर्कता आयोग द्वारा जांच व प्रताड़ित करने की धमकी दी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कार्यरत आइएएस व आइपीएस अधिकारियों की पत्नियों को अन्य राज्यों के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में तबादला करने की भी धमकी दी जा रही है।
संवाददाता सम्मेलन बुला कर पुलिस अधिकारियों को धमकाया जा रहा
ममता ने कहा कि भारत में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ, जब पुलिस अधिकारियों को इस प्रकार से डराया गया हो। उन्होंने केंद्र पर एक बार फिर राज्यों के अधिकार में हस्तक्षेप का भी आरोप लगाया। साथ ही नसीहत दी कि किसी को भी लक्ष्मण रेखा नहीं लानी चाहिए। उन्होंने इशारों में राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी रूप से संवाददाता सम्मेलन बुला कर पुलिस अधिकारियों को धमकाया जा रहा है।
किस प्रकार से हमारे अधिकारियों को प्रताड़ित किया जा रहा हैं, बताएंगें
ममता ने राज्य के अधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आप राज्य सरकार के अधीन कार्य कर रहे हैं। आप जिस प्रकार से राज्य में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके लिए राज्य सरकार भी हमेशा आपके साथ है। आपको किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि किस प्रकार से हमारे अधिकारियों को प्रताड़ित किया जा रहा हैं, यह हम पूरे देश को भी बतायेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों की जमकर की सराहना
मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना महामारी हो या एम्फन चक्रवात, प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने कर्त्तव्यों का सच्चाई से निर्वहन किया है और लोगों को अपनी सेवाएं दी हैं।
सभी डीएम-एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशासनिक बैठक
ममता ने इस दिन सभी जिलों के डीएम-एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशासनिक बैठक की। बैठक के दौरान राज्य सचिवालय नवान्न में सभी विभागों के प्रधान सचिव मौजूद थे। इस दौरान ममता ने विकास कार्यों व अन्य सरकारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।