West Bengal Politics : बंगाल के खड़गपुर अंचल के चार भाजपा नेता अपने समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल
West Bengal Politics पालाबदल पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल भाजपा के लिए यह बहुत बड़ा झटका । वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा-कुछ लालची लोग पार्टी छोड़कर गए हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के खड़गपुर अंचल के चार भाजपा नेता बुधवार को अपने समर्थकों के साथ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके नाम शैलेंद्र सिंह, अजय चटर्जी, राजदीप गुहा और सजल राय हैं। उन्होंने पार्टी जिला मुख्यालय में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य की मौजूदगी में तृणमूल का झंडा थामा।
शैलेंद्र प्रभावशाली, सजल लोकप्रिय व अजय लंबे समय से जुड़े थे
शैलेंद्र सिंह की गिनती भाजपा के मजदूर संगठन भारतीय मजदूर संघ के प्रभावशाली नेता के रूप में होती थी। इसी तरह सजल राय भी इलाके के ग्रामीण इलाकों में काफी लोकप्रिय थे। अजय चटर्जी भी लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे।
खड़गपुर अंचल के लोग भगवा पार्टी के साथ नहीं हैं : मंत्री भट्टाचार्य
मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा-'यह बंगाल भाजपा और उसके प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के लिए बहुत बड़ा झटका है। इससे यह भी पता चलता है कि इस अंचल के लोग भगवा पार्टी के साथ नहीं हैं।'
जनता की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों से जुड़ना चाहते थे नेता
गौरतलब है कि तृणमूल ने पिछले साल खड़गपुर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी जीत हासिल की थी। चंद्रिमा ने आगे कहा-'भाजपा छोड़ने वाले लोग उसके कामकाज से खुश नहीं थे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा जनता की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों से जुड़ना चाहते थे।'
तृणमूल का अत्याचार सह रहे भाजपाई पार्टी के साथ और बने रहेंगे
दूसरी तरफ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा-'कुछ लालची लोग पार्टी छोड़कर गए हैं। इससे भाजपा को कोई नुकसान नहीं होने वाला। तृणमूल का अत्याचार सह रहे भाजपाई अभी भी पार्टी के साथ हैं और बने रहेंगे। हम अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल को बंगाल की सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।'