Move to Jagran APP

West Bengal Politics : बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने दी ममता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चेतावनी

कहा-भाजपा के पास विधायकों का संख्या बल बहुत है। इसके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे विधायक भी हैं जो ममता से नाराज हैं और भाजपा में शामिल होने वाले हैं। ममता कुछ समझकर ही करें निर्णय। माकपा कांग्रेस समर्थन करेंगे या नहीं। भाजपा में नहीं पर्याप्त विधायक सौगत।

By Vijay KumarEdited By: Published: Tue, 05 Jan 2021 07:13 PM (IST)Updated: Tue, 05 Jan 2021 07:13 PM (IST)
West Bengal Politics : बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने दी ममता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चेतावनी
दिलीप घोष बोले-ममता सरकार रहेगी या नहीं, इसपर संदेह। रॉय बोले-राज्य के लोग समझ जाएंगे सब मिले हुए हैं।

 राज्य ब्यूरो, कोलकाता : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विधानसभा में मुख्यमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चेतावनी दी है। मंगलवार साल्टलेक के सेंट्रल पार्क में वह प्रातः भ्रमण के लिए गए थे। इस दौरान उनसे इस बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विधायकों का संख्या बल बहुत है। इसके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे विधायक भी हैं जो ममता से नाराज हैं और भाजपा में शामिल होने वाले हैं। इसलिए पार्टी राज्य विधानसभा में ममता बनर्जी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकती है। 

loksabha election banner

ममता कुछ समझकर ही करें निर्णय

दरअसल सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न में मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री ने कहा था कि केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ राज्य विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसी पर पलटवार करते हुए घोष ने कहा कि ममता जो कुछ भी सोच रही हैं वह सोच-समझ कर करें, क्योंकि अगर अविश्वास प्रस्ताव लाया गया तो उनकी सरकार गिर जाएगी। मैं मानता हूं कि ममता विधानसभा सत्र बुलाकर केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ प्रस्ताव पारित करने का साहस नहीं करेंगी। 

माकपा कांग्रेस समर्थन करेंगे या नहीं

घोष ने कहा कि उन्हें इस बात पर भी संदेह है कि राज्य सरकार बजट  सत्र भी आयोजित कर सकेगी क्योंकि मुख्यमंत्री के पास सरकार बचाए रखने लायक विधायक नहीं बचेंगे। उन्होंने माकपा और कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की चेतावनी का भी जिक्र किया और कहा कि ममता बनर्जी की सरकार मई महीने तक रहेगी या नहीं इस पर भी संदेह है। दिलीप घोष से पूछा गया कि क्या माकपा और कांग्रेस भाजपा द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह इस बारे में नहीं जानते कि माकपा कांग्रेस समर्थन करेंगे या नहीं। 

भाजपा में नहीं पर्याप्त विधायक : सौगत

भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष के बयान को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने पलटवार किया है। दमदम से पार्टी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि भाजपा के पास विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आवश्यक विधायकों का संख्या बल नहीं है। सौगत रॉय ने कहा कि बंगाल विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए क़रीब 30 विधायकों का संख्या बल होना चाहिए। 

दिलीप घोष की चेतावनी का महत्व नहीं

भाजपा के पास इतने विधायक नहीं हैं। क्या दिलीप घोष माकपा और कांग्रेस के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे? सौगत रॉय ने कहा कि दिलीप घोष की चेतावनी का कोई महत्व नहीं है। वह नियम कानून नहीं जानते हैं। अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए विधानसभा में करीब 10 फीसद विधायक होने चाहिए। राज्य विधानसभा में कुल विधायकों की संख्या 294 है। यानी करीब 30 विधायक अगर अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे तो उसे स्वीकृत किया जाएगा। 

ममता बनर्जी के खिलाफ सब मिले हुए

उन्होंने कहा कि भाजपा के पहले केवल तीन विधायक थे। बाद में बढ़कर आठ  हो गए। अब नए सिरे से छह और लोगों ने ज्वाइन किया है। कुल मिलाकर 14 हुए। इस संख्या बल से भाजपा कैसे अविश्वास प्रस्ताव लाएगी? हां अगर माकपा कांग्रेस भी भाजपा का साथ देते हैं तो हम इसमें कुछ नहीं कहेंगे। लेकिन राज्य के लोग समझ जाएंगे कि ममता बनर्जी के खिलाफ सब मिले हुए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.