West Bengal Politics: नाराज भाजपा सांसद अर्जुन सिंह के पोस्ट से टीएमसी में जाने की फिर तेज हुई अटकलें
बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को मनाने की कोशिशों के बावजूद उनका बागी रूख कायम है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक के दो दिन बाद सिंह के फेसबुक पर एक पोस्ट ने एक बार फिर उनके पार्टी छोडऩे की अटकलों को तेज कर दिया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पार्टी से नाराज चल रहे बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को मनाने की कोशिशों के बावजूद उनका बागी रूख कायम है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक के दो दिन बाद बुधवार को सिंह के फेसबुक पर एक पोस्ट ने एक बार फिर उनके पार्टी छोडऩे की अटकलों को तेज कर दिया। सिंह ने अपने फेसबुक पर बुधवार को लिखा कि सागर की अपनी क्षमता है, पर मांझी भी कब थकता है? उनके इस पोस्ट के बाद फिर से अटकलें तेज हो गई हैं।
बता दें कि पार्टी की राज्य इकाई के कामकाज के तरीके के खिलाफ हाल में नाराजगी जताने के बाद सांसद अर्जुन सिंह को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने सोमवार को दिल्ली बुलाया था। इस मुलाकात के बाद माना गया कि नड्डा ने उन्हें मनाने की कोशिश की। लेकिन अब उनके ताजा पोस्ट के बाद फिर से अटकलें गर्म हो गई है। बता दें कि इससे पहले राज्य में जूट उद्योग की बदहाली को लेकर सिंह ने केंद्र पर पिछले दिनों निशाना साधा था, जिसके बाद केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने भी उन्हें दिल्ली बुलाकर बातचीत की थी। इसके बाद हाल में सिंह ने पार्टी के राज्य नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी में कई लोग उन लोगों की परवाह नहीं करते जो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से भाजपा में शामिल हुए हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इंटरनेट मीडिया में मग्न है जबकि राजनीति ट्विटर व फेसबुक से नहीं चलती है। उनके इस आरोप के बाद ही नड्डा ने उन्हें बुलाया था। बता दें कि नाराज चल रहे अर्जुन सिंह को मनाने में पार्टी लगातार जुटी है। इससे पहले पिछले हफ्ते केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व नंदीग्राम से भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने भी उनके साथ बैठक की थी। हालांकि इन सब कवायद के बावजूद अर्जुन सिंह के तेवर नरम नहीं दिख रहे हैं। उनके सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में वापस शामिल होने की अटकलें लगातार तेज है।