विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में जाली नोट और हथियार के साथ हुमायूं कबीर की 'आम जनता उन्नय पार्टी' के प्रदेश सचिव गिरफ्तार, जांच शुरू

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:46 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 'आम जनता उन्नय पार्टी' के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल ...और पढ़ें

हुमायूं कबीर की 'आम जनता उन्नय पार्टी' के प्रदेश सचिव गिरफ्तार।

हुमायूं कबीर की 'आम जनता उन्नय पार्टी' के प्रदेश सचिव गिरफ्तार।

HighLights

  1. मुर्शिदाबाद में 'आम जनता उन्नय पार्टी' के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने बोलेरो गाड़ी से जाली नोट और अवैध हथियार जब्त किए।

  3. इस गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताकर राज्य में सियासी भूचाल।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा इलाके में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई के दौरान वाहन चेकिंग के दौरान सनसनीखेज खुलासा किया है।

शुक्रवार देर रात पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी से जाली नोट और अवैध हथियार बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने वाले विधायक हुमायूं कबीर की 'आम जनता उन्नय पार्टी' (एजेयूपी) के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल और उनके एक सहयोगी बाबुएल शेख को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार नेता आशिक इकबाल ने पिछले विधानसभा चुनाव में बहरमपुर सीट से चुनाव भी लड़ा था।

हरिहरपाड़ा थाने की विशेष टीम द्वारा गाड़ीनामा इलाके में नाका चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर जब इस बोलेरो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, तो अंदर छिपाकर रखे गए 500-500 रुपये के 108 जाली नोट (कुल मूल्य 54,000 रुपये) बरामद हुए।

इसके साथ ही पुलिस ने दो अत्याधुनिक हथियार और चार राउंड जिंदा कारतूस भी जब्त किए। शनिवार को दोनों आरोपियों को मुर्शिदाबाद जिला अदालत में पेश किया गया।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन सा बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने आरोपियों की सात दिन की रिमांड मांगी है।

इस गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। 'आम जनता उन्नय पार्टी' के संस्थापक हुमायूं कबीर ने इस पूरी कार्रवाई को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव को प्रभावित करने और विपक्षी नेताओं को डराने के लिए पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।

वहीं, रेजीनगर से भाजपा उम्मीदवार शिखाव सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सुशासन की लड़ाई है और ऐसी छोटी-कछी घटनाओं से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। जनता सब देख रही है और जीत तय है।