कोलकाता, राज्य ब्यूरो। समाजवादी पार्टी (सपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक शनिवार को कोलकाता में शुरू हुई। 11 साल बाद यहां हो रही इस बैठक में पहले दिन 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन से लेकर जातीय जनगणना, महंगाई व बेरोजगारी, धार्मिक प्रतीकों, किताबों और धर्मगुरुओं पर टिप्पणी के मामले पर चर्चा हुई।

सूत्रों के मुताबिक सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस दौरान पार्टी के सभी नेताओं को धार्मिक मुद्दों व अन्य संवेदनशील मामलों पर बयानबाजी से दूर रहने की हिदायत दी है।

धार्मिक और संवेदनशील मुद्दों पर बोलने से बचे पार्टी नेता

सूत्रों की ओर से जानकारी दी गई है कि बैठक शुरू होने से पहले पार्टी के सभी नेताओं को धार्मिक मुद्दों और संवेदनशील मामलों पर पर कुछ भी बोलने से बचने को कहा गया है। इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा जातीय जनगणना और पिछड़े समाज के लोगों पर जोर देगी। सूत्र के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सारे वक्ताओं का जोर अति पिछड़े समाज के लोगों को पार्टी से कैसे जोड़ा जाए इस पर है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पार्टी के साथ जुड़ सकें।

2024 लोकसभा चुनाव को लेकर हुआ मंथन

जातीय जनगणना के मुद्दे को भी सपा लोकसभा चुनाव में मुख्य मुद्दा बनाएगी। इस मुद्दे को अब और जोर-शोर के साथ उठाया जाएगा। लोकसभा चुनाव के लिहाज से सपा की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में इस साल के अंत में होने वाले तीन हिंदी भाषी राज्यों- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। इस बैठक में सपा आगे की रणनीति पर फैसला करेगी।

रविवार तक चलेगी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक

बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक रविवार तक चलेगी। बैठक में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, रामगोपाल यादव, उपाध्यक्ष किरणमय नंदा, राज्यसभा सदस्य जया बच्चन समेत सपा के तमाम बड़े नेता, सांसद, पदाधिकारी और सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कुल 67 सदस्य हिस्सा ले रहे हैं।

आपको बता दें, अखिलेश यादव शुक्रवार को ही कोलकाता पहुंच गए थे, जहां उन्होंने शाम को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात की थीं। दोनों नेता बिना कांग्रेस के नए मोर्चे के साथ आगे बढ़ने पर सहमत हुए हैं।

Edited By: Shalini Kumari