विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव में 71 कंपनी केंद्रीय बलों की होगी तैनाती, सभी बूथों की होगी वेबकास्टिंग

Published: Wed, 16 Sep 2026 02:36 PM (IST)

बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए 71 कंपनी केंद्रीय बल तैनात किए जाएंगे।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. नंदीग्राम और रेजीनगर में 71 कंपनी केंद्रीय बल तैनात होंगे।

  2. सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी।

  3. उपचुनाव 6 अक्टूबर को, मतगणना 9 अक्टूबर को होगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में दो विधानसभा सीटों- नंदीग्राम और रेजीनगर में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में कुल 71 कंपनी केंद्रीय बल की तैनाती की जाएगी। इनमें पूर्व मेदिनीपुर जिले के हाईप्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में 37 और सीमावर्ती मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में 34 कंपनी केंद्रीय बल तैनात रहेंगे।

चुनाव आयोग ने केंद्रीय बलों की तैनाती का ब्योरा जारी करने के साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग कराने की जानकारी दी है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में कुल 282 और रेजीनगर में 315 मतदान केंद्र हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी।

केंद्रीय बल की एक कंपनी में करीब 100 अधिकारी और जवान होते हैं। इस लिहाज से दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षाकर्मियों की तैनाती होगी। बंगाल समेत चार राज्यों में छह विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए छह अक्टूबर को मतदान होगा। मतगणना नौ अक्टूबर को होगी। आयोग ने पहले ही दोनों सीटों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है।

नंदीग्राम में पुलिस पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी हरि लाल चौहान और रेजीनगर में एमबी बोरलिंगैया को दी गई है। सामान्य पर्यवेक्षक के रूप में नंदीग्राम में संतोष दास और रेजीनगर में हर्षल पंचोली की नियुक्ति हुई है।

हुमायूं कबीर के इस्तीफे के चलते हो रहा उपचुनाव

नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई है। शुभेंदु अधिकारी ने इस वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने भवानीपुर सीट बरकरार रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया था।

वहीं, रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे से रिक्त हुई। उन्होंने भी रेजीनगर और नउदा दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने नउदा सीट बरकरार रखते हुए रेजीनगर से इस्तीफा दे दिया। इसी वजह से दोनों सीटों पर उपचुनाव कराया जा रहा है।