बंगाल: 64 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सा उपकरणों के कलपुर्जे गायब, FIR के आदेश
पश्चिम बंगाल के 12 जिलों के 64 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से चिकित्सा उपकरणों के कलपुर्जे गायब पाए गए हैं। स्वास्थ्य ...और पढ़ें
-1790137211299_m.webp)
(एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए खरीदे गए चिकित्सा उपकरणों के कलपुर्जे 12 जिलों के 64 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से गायब मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले में सभी जिलों के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारियों को एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की सूची के अनुसार प्रभावित 64 संस्थानों में 50 उपस्वास्थ्य केंद्र, 13 ब्लाक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
हावड़ा में सबसे अधिक गायब
हावड़ा में सबसे अधिक 25 स्वास्थ्य केंद्रों में उपकरणों के कलपुर्जे गायब मिले हैं। इनमें 18 सांकराइल और सात श्यामपुर-2 ब्लाक के स्वास्थ्य केंद्र हैं। इन चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए कोविड काल में 2021-22 के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग से राशि दी गई थी।
उपकरणों के रखरखाव और समुचित इस्तेमाल के लिए 2024 में सभी जिलाधिकारियों और मुख्य स्वास्थ्य अधिकारियों को भी निर्देश भेजे गए थे।स्वास्थ्य विभाग ने उपकरणों की जिम्मेदारी संभालने वालों पर जवाबदेही तय करने के संकेत दिए हैं।
विभाग के अनुसार, जांच में लापरवाही साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर गायब उपकरणों की कीमत की भरपाई के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के वेतन से राशि काटने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
