बंगाल में औद्योगिक निवेश ने पकड़ी रफ्तार, रिलायंस और तनधन समूह लगाएंगे 1760 करोड़ की परियोजनाएं
बंगाल में औद्योगिक निवेश में तेजी आई है, जिसमें रिलायंस और तनधन समूह की बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं ...और पढ़ें
-1792925900502_m.webp)
बंगाल में औद्योगिक निवेश ने पकड़ी रफ्तार (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद औद्योगिक निवेश को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं। बड़े औद्योगिक समूहों की परियोजनाओं से लेकर राज्य की स्थानीय कंपनियों के विस्तार तक, निवेश की नई घोषणाएं सामने आ रही हैं।
रिलायंस समूह की हरीणघाटा में खाद्य उत्पादों की फैक्ट्री स्थापित करने की 1300 करोड़ रुपये योजना और तनधन समूह की 460 करोड़ रुपये की निवेश योजना इस सिलसिले की ताजा कड़ियां हैं।
इसके पहले अदाणी समूह ने वर्ष 2035 तक बंगाल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की घोषणा की थी। एडवेंट्ज, श्याम मेटालिक्स, अमूल, आइटीसी और एलएंडटी समेत कई कंपनियां भी राज्य में अपनी परियोजनाओं के विस्तार या स्थापना की योजनाएं सामने रख चुकी हैं।
राज्य सरकार के अनुसार, सितंबर में 33 औद्योगिक परियोजनाओं के लिए करीब 580 एकड़ जमीन आवंटित की गई। इन परियोजनाओं में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और करीब 62 हजार रोजगार के अवसरों की संभावना जताई गई है।
हालांकि, ये सभी निवेश अभी वास्तविक खर्च में तब्दील नहीं हुए हैं। कुछ परियोजनाएं निर्माण या क्रियान्वयन के चरण में हैं, जबकि कुछ के लिए आगे की औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स नदिया जिले के हरीणघाटा में शीतल पेय और खाद्य उत्पादों के निर्माण के लिए संयंत्र स्थापित करने की तैयारी में है। परियोजना में 1000 से 1300 करोड़ रुपये तक के निवेश का अनुमान है।
करीब 35 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित संयंत्र में कैंपा कोला के साथ इंडिपेंडेंस ब्रांड के बिस्कुट और अन्य खाद्य उत्पाद बनाए जाने की योजना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 28 अक्टूबर को परियोजना के शिलान्यास की जानकारी दी थी। संयंत्र से प्रत्यक्ष रूप से 800 से 1000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।
दूसरी ओर, कोलकाता स्थित तनधन समूह अगले 12 से 18 महीनों में कुल 460 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना पर काम कर रहा है। इसमें हावड़ा स्थित डेनिम फैक्ट्री के विस्तार और नई स्पिनिंग इकाई पर 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कंपनी के अनुसार, इस विस्तार से करीब 200 लोगों को रोजगार मिल सकता है। समूह अपनी पालीमर शीट निर्माण इकाई की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए 210 करोड़ रुपये का निवेश भी करेगा। इसके लिए विदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं से करीब 400 नए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
