विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पद जल्द भरे जाएंगे: शुभेंदु

Published: Wed, 23 Sep 2026 07:20 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा और 2,500 नए पद सृजित होंगे, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी घोषणा की।

दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती

दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती

HighLights

  1. दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पदों पर जल्द होगी भर्ती।

  2. अगले एक वर्ष में 2,500 नए पद सृजित किए जाएंगे।

  3. तारापीठ और न्यू मार्केट अग्निकांड के दमकलकर्मियों को मिलेगा जीवनरक्षा पुरस्कार।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता।  बंगाल के दमकल विभाग में 1,400 रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता के रेड रोड पर दमकल विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन पदों पर पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी।

साथ ही अगले एक वर्ष में दमकल विभाग में 2,500 नए पद सृजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अग्निशमन कार्यों के लिए 226 नए और अलग-अलग क्षमता वाले वाहन दमकल विभाग को सौंपे। उन्होंने विभाग के आधुनिकीकरण और कर्मियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1,400 रिक्त पदों में 1,000 फायर आपरेटर, 325 फायर इंजन आपरेटर कम ड्राइवर और 75 सब आफिसर के पद शामिल हैं। उन्होंने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दमकल जैसे महत्वपूर्ण विभाग की अनदेखी का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दमकल विभाग में पर्याप्त स्थायी मानव संसाधन सुनिश्चित किया जाएगा।

तारापीठ और न्यू मार्केट में आग बुझाने में शामिल दमकलकर्मियों को मिलेगा जीवनरक्षा पुरस्कार

मुख्यमंत्री ने बीरभूम जिले के तारापीठ और कोलकाता के न्यू मार्केट के होटल में पिछले दिनों आग लगने की भीषण घटनाओं का उल्लेख करते हुए दमकलकर्मियों के बचाव कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं बेहद दुखद थीं। उनके अनुसार, तारापीठ के होटल से दमकलकर्मियों ने कम से कम 30 लोगों को और न्यू मार्केट के पास स्थित होटल से करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों घटनाओं में बचाव अभियान में शामिल दमकलकर्मियों को जीवनरक्षा पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तारातला के गोदाम हादसे में पुलिसकर्मियों को जिस तरह जीवनरक्षा पुरस्कार दिया गया है, उसी तरह तारापीठ और न्यू मार्केट में लोगों की जान बचाने वाले दमकलकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दोनों होटल अग्निकांड में बाहर निकलने के रास्ते बंद होने के कारण लोगों को गंभीर परेशानी हुई। मुख्यमंत्री के अनुसार, कई लोगों की मौत आग में झुलसने के बजाय धुएं से दम घुटने के कारण हुई। कार्यक्रम में दमकल राज्यमंत्री कौशिक चौधरी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।