बंगाल: डायन बताकर वृद्धा की लाठी से पीट-पीटकर हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में 71 वर्षीय वृद्धा रुमकी मुर्मु की डायन होने के संदेह में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

पश्चिम बंगाल में डायन के आरोप में वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । कोलकाता से सटे दक्षिण 24 परगना जिले के शिरसी ग्राम पंचायत के नाहित पश्चिमपाड़ा इलाके में डायन होने के संदेह में 71 साल की वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतका का नाम रुमकी मुर्मु है।
मामले में पड़ोस में रहने वाले जयराम नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार जयराम अपने बेटे की लंबे समय से चली आ रही बीमारी के लिए वृद्धा को जिम्मेदार ठहराता था।
शुक्रवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने वृद्धा पर लाठी से हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वृद्धा के स्वजन मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर हरिरामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने जयराम को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटी की शादी हो चुकी है। वृद्धा अपने बेटे के साथ गांव में रहती थीं। मृतका के बेटे गुरुम किस्कू ने आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या डायन का आरोप लगाकर की गई है। उन्होंने आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की।
