बंगाल विधानसभा में डिप्टी स्पीकर के चुनाव पर असमंजस, फिलहाल खाली रहेगा यह पद
बंगाल विधानसभा में डिप्टी स्पीकर का पद फिलहाल खाली रहने की संभावना है, क्योंकि मई में भाजपा सरकार बनने के ...और पढ़ें

बंगाल विधानसभा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा में डिप्टी स्पीकर (उपाध्यक्ष) का पद फिलहाल खाली ही रहने के आसार हैं। राज्य में मई में हुए सत्ता परिवर्तन और भाजपा की सरकार बनने के बाद डिप्टी स्पीकर के चुनाव को लेकर अभी कोई नई पहल नहीं हुई है।
विधानसभा सचिवालय के एक वर्ग को इस वर्ष इस पद के लिए चुनाव होने की संभावना भी कम नजर आ रही है। इससे विधानसभा के दूसरे शीर्ष पद को भरने को लेकर असमंजस बना हुआ है। अगस्त में पु़रशुड़ा के भाजपा विधायक विमान घोष का नाम इस पद के लिए प्रमुखता से सामने आया था, लेकिन अब चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही है।
विमान घोष के नाम पर पहले बनी थी सहमति
विधानसभा सूत्रों के अनुसार, डिप्टी स्पीकर पद के लिए भाजपा की ओर से पु़रशुड़ा के विधायक विमान घोष का नाम सामने आया था। अगस्त में इस पद को भरने की तैयारी की खबरें भी सामने आई थीं। उस समय भाजपा विधायक दल की ओर से एक अनुभवी विधायक को जिम्मेदारी देने की दिशा में आगे बढ़ने की बात कही गई थी। हालांकि इसके बाद चुनाव को लेकर गतिविधियां अचानक रुक गईं।
सूत्रों का दावा है कि विमान घोष के नाम को लेकर भाजपा के भीतर एक वर्ग की ओर से आपत्ति सामने आई। हालांकि, इस संबंध में भाजपा की ओर से आधिकारिक रूप से कोई बयान नहीं दिया गया है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि आगे विमान घोष के नाम पर ही सहमति बनेगी या किसी दूसरे विधायक का नाम सामने आएगा।
लोकसभा में भी लंबे समय से रिक्त है डिप्टी स्पीकर का पद
डिप्टी स्पीकर के पद को लेकर चर्चा केवल बंगाल तक सीमित नहीं है। लोकसभा में भी लंबे समय से डिप्टी स्पीकर का पद रिक्त रहा है। इससे यह सवाल उठता रहा है कि संवैधानिक रूप से इस पद के अस्तित्व के बावजूद उसका निर्वाचन कब कराया जाए, यह राजनीतिक और संसदीय परिस्थितियों पर भी निर्भर करता है।
बंगाल में नई विधानसभा के गठन के बाद डिप्टी स्पीकर का पद अभी तक नहीं भरा गया है।
फिलहाल चुनाव को लेकर विधानसभा सचिवालय में कोई स्पष्ट समय-सारणी नहीं है। ऐसे में यह देखना होगा कि भाजपा विधायक दल कब इस मुद्दे पर दोबारा सक्रिय होता है और क्या विमान घोष के नाम पर ही आगे बढ़ा जाता है या किसी नए नाम पर विचार होता है।
