विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में डेंगू का कहर: 5 हजार के पार पहुंचे मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

Published: Mon, 14 Sep 2026 08:38 PM (IST)

बंगाल में डेंगू के मामले 5,000 के पार हो गए हैं, जिसमें पिछले एक महीने में 2,500 से अधिक नए ...और पढ़ें

बंगाल में डेंगू का कहर जारी (सांकेतिक तस्वीर)

बंगाल में डेंगू का कहर जारी (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. बंगाल में डेंगू मरीजों की संख्या 5,000 से अधिक हुई।

  2. पिछले एक महीने में 2,500 से ज्यादा नए मामले सामने आए।

  3. स्वास्थ्य विभाग ने कई इलाकों को डेंगू हाटस्पाट घोषित किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल में डेंगू का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा है। राज्य में डेंगू से प्रभावित मरीजों की संख्या 5,000 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य की 29 नगरपालिकाओं, 85 सामुदायिक विकास प्रखंडों और 278 ग्राम पंचायतों को डेंगू के हाटस्पाट के तौर पर चिह्नित किया है।

इन इलाकों में पिछले एक महीने में सबसे अधिक डेंगू के मामले सामने आने के कारण रक्त के नमूनों की अधिक संख्या में और आकस्मिक जांच कराई जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 11 सितंबर तक राज्य में डेंगू से प्रभावित लोगों की संख्या 5,002 हो चुकी है। चिंता की बात यह है कि अगस्त में इसी तारीख तक प्रभावित लोगों की संख्या 2,500 से कम थी यानी करीब एक महीने में 2,500 से अधिक नए मरीज सामने आए हैं।

जिलेवार आंकड़ों में मुर्शिदाबाद सबसे आगे है। वहां अब तक 1,072 लोग डेंगू से प्रभावित हुए हैं। कोलकाता में 500 और उत्तर 24 परगना में 450 मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने हाटस्पाट तय करने के लिए अलग-अलग मानक बनाए हैं।

किसी ग्राम पंचायत में 10 या उससे अधिक डेंगू के मरीज मिलने पर उसे हाटस्पाट माना जा रहा है। सामुदायिक विकास प्रखंड में 30 से अधिक मरीज मिलने पर हाटस्पाट घोषित किया जाता है।

नगरपालिका के ज्यादातर वार्डों में पांच या उससे अधिक डेंगू मरीज मिलने पर उसे हाटस्पाट की श्रेणी में रखा जाता है। इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर निगरानी के साथ जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं।

लगातार दो या उससे अधिक दिनों तक बुखार रहने पर लोगों से रक्त की जांच कराने और निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सक से संपर्क करने की अपील की जा रही है।