Coronavirus: बंगाल विदेश में फंसे राज्य के लोगों की वापसी के लिए तैयार है राज्य सरकार
बंगाल सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने केंद्र सरकार को बहुत पहले ही यह जानकारी दे दी थी कि उसने खाड़ी समेत दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए इंतजाम कर लिए हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः बंगाल सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने केंद्र सरकार को बहुत पहले ही यह जानकारी दे दी थी कि उसने खाड़ी समेत दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए इंतजाम कर लिए हैं। विदेशों से किसी भी विशेष विमान के बंगाल नहीं आने को लेकर केंद्र द्वारा लगाए गए आरोपों के एक दिन बाद यह बयान आया है।
राज्य के गृह विभाग ने ट्वीट किया,‘ बंगाल राज्य सरकार विभिन्न देशों में फंसे हमारे लोगों को वापस लाने को इच्छुक है और काफी समय पहले भारत सरकार को इसकी जानकारी दी गई थी। इसके साथ वापस आने वाले लोगों को पृथक रखने के इंतजाम की भी जानकारी दी थी। पत्र संलग्न है। बंगाल विमानों का इंतजार कर रहा है।’
बंगाल के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने गुरुवार रात कहा था कि केंद्र ने विदेशों से आ रहे विमानों के बंटवारे को लेकर भेदभाव किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बंगाल के शिक्षा मंत्री के इस आरोप के जवाब में कहा था कि वह राज्यों के बीच भेदभाव नहीं करता है और केंद्र का वंदे भारत मिशन सभी फंसे हुए भारतीयों के लिए है। सरकार ने कोरोना वायरस पाबंदियों के चलते विभिन्न देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए सात मई को वंदे भारत मिशन शुरू किया था।