West Bengal : दुर्गापुर के डिप्टी मजिस्ट्रेट हुए कोरोना पॉजिटिव, एसडीएम कार्यालय में 29 जून तक पब्लिक काम बंद
दुर्गापुर एसडीएम कार्यालय के डिप्टी मजिस्ट्रेट डिप्टी सह डिप्टी कलेक्टर कोरोना संक्रमित हुए है।कार्यालय के सभी कर्मी और अधिकारी सेल्फ क्वारंटाइन में गए।
दुर्गापुर, जागरण संवाददाता। दुर्गापुर एसडीएम कार्यालय के डिप्टी मजिस्ट्रेट डिप्टी सह डिप्टी कलेक्टर कोरोना संक्रमित हुए है। उन्हें कोविड अस्पताल सनाका भेजा जाएगा, फिलहाल वे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। संक्रमण का मामला आने के बाद एसडीएम कार्यालय को सोमवार तक आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। कार्यालय को भी जीवाणु मुक्त किया जाएगा।
पिछले एक सप्ताह से डिप्टी मजिस्ट्रेट अस्वस्थ थे, उन्हें इलाज के लिए दुर्गापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां गुरुवार को उनके स्वाब के नमूने जांच किया गया, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आयी। डिप्टी मजिस्ट्रेट का रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से महकमा प्रशासन एसडीएम कार्यालय के सभी विभाग में आम जनता के लिए बंद कर दिया गया है। कार्यालय परिसर में नोटिस भी लगा दिया गया है। दुर्गापुर एसडीएम अनिर्वाण कोले ने संक्रमण की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 29 जून तक कार्यालय आम लोगों के लिए बंद रहेगा।
ईस्ट बंगाल क्लब नि:शुल्क बांटेगा डेढ़ लाख मास्क
देश के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों में शुमार ईस्ट बंगाल ने नि:शुल्क डेढ़ लाख मास्क बांटने की घोषणा की है। मास्क मुख्य रूप से क्लब के सदस्यों, समर्थकों, कोलकाता नगर निगम के कर्मचारियों, खेल विभाग के कर्मियों और संवाद माध्यम से जुड़े लोगों में बांटे जाएंगे। ईस्ट बंगाल की ओर से संवाददाता सम्मेलन कर इसकी आधिकारिक तौर पर जानकारी दी गई।
संवाददाता सम्मेलन में राज्य के खेल मंत्री अरूप विश्वास भी मौजूद थे। क्लब के पदाधिकारी कल्याण मजुमदार ने बताया कि मास्क पर क्लब की शतवार्षिकी का लोगो भी अंकित है। अभी जिस तरह के हालात हैं, उसमें सभी के लिए मास्क पहनना बहुत जरूरी है। इसके बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हमने यह पहल की है। डेढ़ लाख मास्क नि:शुल्क बांटे जाएंगे। उसके बाद अगर कोई मास्क खरीदना चाहेगा तो क्लब टेंट में आकर खरीद सकता है।
गौरतलब है कि बाजार में पहले से ही ईस्ट बंगाल और मोहनबगान की जर्सी के रंग वाले मास्क मौजूद है, हालांकि उन्हें छोटे-मोटे कारीगर निजी स्तर पर ही तैयार कर रहे हैं। अब ईस्ट बंगाल की तरफ से खुद अपना मास्क तैयार किया गया है। कोलकाता समेत समूचे बंगाल में ईस्ट बंगाल और मोहनबगान के करोड़ों की तादाद में समर्थक हैं।