विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में दुर्गापूजा से पहले निगमकर्मियों को मिलेगा बकाया वेतन, CM शुभेंदु ने दिया निर्देश

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:59 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापूजा से पहले सुरक्षा, सड़कों और नागरिक सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निगमकर्मियों का ...और पढ़ें

दुर्गापूजा से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा (फाइल फोटो)

दुर्गापूजा से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की तैयारियों की समीक्षा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने दुर्गापूजा तैयारियों और नागरिक सेवाओं की समीक्षा की।

  2. निगमकर्मियों का बकाया वेतन चुकाने और विशेष सफाई का निर्देश।

  3. तर्पण हेतु घाटों पर सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं के इंतजाम सुनिश्चित।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । दुर्गापूजा से पहले सुरक्षा, सड़कों की स्थिति और नागरिक सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सभी नगरपालिकाओं के साथ वर्चुअल बैठक की।

उन्होंने निगमकर्मियों का बकाया वेतन चुकाने और पूजा के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत कराई गई है। अगले कुछ दिनों में जिलों में बाकी काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।

शनिवार तड़के तीन बजे से शुरू होने वाले तर्पण के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने घाटों पर पर्याप्त रोशनी, गोताखोरों और तटीय पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं।

पूजा के दौरान किसी आपात स्थिति में पुलिस, दमकल और नगरपालिका के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस की आपात सेवा नंबर 112 शुरू होने की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री ने शहर और उपनगरीय इलाकों को सजाने-संवारने के लिए सरकारी विभागों और विकास प्राधिकरणों के साथ निजी संस्थाओं से भी अपने क्षेत्रों में सजावट करने की अपील की। उन्होंने पूजा के दौरान अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।