West Bengal: ममता बनर्जी बोलीं, दिल्ली की जनता ने भाजपा को नकार दिया
West Bengal CM Mamata Banerjee. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव परिणाम बताते हैं कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा को नकार दिया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। West Bengal CM Mamata Banerjee. तृणमूल प्रमुख व बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में भाजपा की हार पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि देश में जहां कहीं भी चुनाव हो रहे हैं भाजपा को हार मिल रही है क्योंकि जनता ने भाजपा को नकार दिया है। बांकुड़ा जिले में तृणमूल कांग्रेस के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित सभा मंच से भाजपा पर हमलावर ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने छात्रों व महिलाओं को प्रताड़ित करने वालों को करारा जवाब दे दिया है।
बकौल ममता लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद भाजपा का अत्याचार बढ़ गया था, लेकिन आज नौबत यह है कि एक के बाद एक राज्यों में भाजपा की करारी हार हो रही है और पार्टी जल्द ही सभी राज्यों को खो देगी। उन्होंने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी को मिली जीत से बेहद खुश हूं, क्योंकि यह लोकतंत्र की जीत हुई है।
आप की जीत क्षेत्रीय दलों के मजबूती के प्रमाण
ममता ने कहा कि आप की जीत इस बात के प्रमाण हैं कि राजनीति में क्षेत्रीय दलों की पैठ मजबूत हुई है। मैंने अरविंद केजरीवाल को फोन पर शुभकामनाएं दी और उन्होंने मुझे शपथ ग्रहण समारोह में आने का आमंत्रण दिया है। इससे पहले ममता बनर्जी ने पहले फोन कर और फिर ट्वीट कर केजरीवाल को शुभकामनाएं दी। ट्वीटर कर कहा कि लोगों ने भाजपा को नकार दिया है। केवल विकास ही काम करेगा क्योंकि नागरिकता कानून, एनआरसी और एनपीआर को लोगों ने नकार दिया है।
नफरत नहीं, विकास होना चाहिए राजनीति का आधार
सभा मंच से ममता ने भाजपा पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि देश में आज नफरत फैलाने की राजनीति हो रही है। मेरा मानना है कि राजनीति देशहित से जुड़ा हुआ, शांति और विकास आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को जनता जवाब दे रही है। भाजपा ने पहले महाराष्ट्र फिर झारखंड और अब दिल्ली को गवां दिया है।
केंद्रीय एजेंसियों के जरिए की गई सत्ता दखल की कोशिश
ममता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में केंद्रीय एजेंसियों के जरिए सत्ता दखल की कोशिश की गई लेकिन ये जो पब्लिक है वह सब जानती है और जनता को इस तरह की बदले की राजनीति पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि आम जनता को रोजगार, विकास चाहिए और भाजपा की हार आप को मिली जीत इस बात के प्रमाण हैं।
यह भी पढ़ेंः नफरत की राजनीति छोड़ अर्थव्यवस्था पर ध्यान दे केंद्र: ममता बनर्जी