West Bengal Chunav: बंगाल में छह करोड़ मास्क बांटेगी भाजपा, अमर्त्य सेन बोले-राज्य में BJP सरकार बनने से होगा नुकसान
बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भाजपा राज्य में छह करोड़ मास्क बांटेगी। इसके अलावा पार्टी ने सैनिटाइजर बांटने का भी फैसला किया है। प्रदेश भाजपा ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव के बीच कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर भाजपा राज्य में छह करोड़ मास्क बांटेगी। इसके अलावा पार्टी ने सैनिटाइजर बांटने का भी फैसला किया है। प्रदेश भाजपा ने सोमवार को इसकी घोषणा की। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि मंगलवार से बंगाल में पार्टी मेरा बूथ कोरोना मुक्त अभियान शुरू करने जा रही है।
इसी दौरान कोरोना को लेकर पार्टी के नेता व कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने के साथ मास्क का वितरण करेंगे। बता दें कि राज्य में अभी तीन चरणों का चुनाव बाकी है। उससे पहले पार्टी यह बड़ा कदम उठाया है।
बंगाल में भाजपा की सरकार बनने से होगा नुकसान : अमर्त्य
कोलकाता : नोबेल पदक जयी अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन ने कहा कि बंगाल में स्थानीय लोगों की सरकार बननी चाहिए, न कि इसे केंद्र से शासित किया जाना चाहिए। अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो इससे नुकसान होगा। सेन ने आगे कहा कि बंगाल एकता चाहता है, विभाजन नहीं। अगर बंगाल को भाजपा की अगुआई वाली केंद्र सरकार द्वारा शासित किया जाएगा तो केंद्र के हाथों में बंगाल की सत्ता का केंद्रीकरण होगा।
केंद्र सरकार की अल्पसंख्यक अधिकारों की समझ बहुत सीमित है और आर्थिक नीति व सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उसका रिकार्ड बहुत बुरा रहा है। सेन ने हिंदुत्व का झंडा थामने वालों की आलोचना करते हुए कहा कि वे सांप्रदायिक विभाजन को तेज करने की कोशिश कर रहे हैं।
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने बंगाल को बड़ी समझ के साथ बदलने के लिए कड़ी मेहनत की थी। यह पूछे जाने पर कि क्या बंगाल के चुनाव नतीजे से देश की राजनीति पर असर पड़ेगा तो इसके जवाब में उन्होंने कहा कि बंगाल में उस दिशा में नहीं जाना चाहिए, जिससे देश को नुकसान हो।