बंगाल उपचुनाव: रेजीनगर सीट पर CPIM और RSP में फंसा पेंच, नंदीग्राम पर बनी सहमति
पश्चिम बंगाल उपचुनाव में रेजीनगर सीट पर वाममोर्चा के भीतर माकपा और आरएसपी के बीच उम्मीदवार को लेकर मतभेद है, ...और पढ़ें

बंगाल उपचुनाव
HighLights
रेजीनगर सीट पर माकपा और आरएसपी में उम्मीदवार को लेकर मतभेद।
नंदीग्राम सीट पर भाकपा के दावे पर वाममोर्चा में बनी सहमति।
माकपा की सदस्य संख्या में कमी, युवा व महिला सदस्य कम।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए वाममोर्चा अब तक उम्मीदवार तय नहीं कर पाया है। नंदीग्राम सीट को लेकर सहयोगी दलों के बीच सहमति बन गई है, लेकिन रेजीनगर को लेकर माकपा व आरएसपी में मतभेद सामने आया है।
माकपा व आरएसपी दोनों इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहती हैं। वाममोर्चा की पिछली बैठक में इसपर फैसला नहीं हो पाया। नंदीग्राम सीट पर माकपा के बड़े सहयोगी दल भाकपा ने पहले ही दावा जता रखा था।
पिछला विधानसभा चुनाव भी भाकपा ही यहां से लड़ी थी, हालांकि माकपा ने अचानक इंडियन सेक्युलर फ्रंट का समर्थन कर दिया था। भाकपा इस बार भी नंदीग्राम सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। लिहाजा इस सीट पर भाकपा के दावे को लेकर वाममोर्चा में सहमति बन गई है।
दूसरी ओर, रेजीनगर में आरएसपी का संगठन भले ही सीमित है, लेकिन उसका यहां पुराना दावा है। पिछले कुछ चुनावों में इस सीट पर माकपा ने उम्मीदवार उतारा था। अब आरएसपी अपनी पुरानी सीट वापस पाने के लिए दबाव बना रही है।
वहीं माकपा भी रेजीनगर सीट छोड़ने को तैयार नहीं है। इसी वजह से उम्मीदवार तय करने पर सहमति नहीं बन पा रही है। मालूम हो इस दोनों सीटों पर आगामी छह अक्टूबर को मतदान और नौ अक्टूबर को मतगणना होगी। नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी व रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के छोड़ने के कारण रिक्त हुई हैं।
आंदोलन में युवाओं की भीड़, फिर भी घट रही माकपा की सदस्य संख्या
बंगाल में विभिन्न आंदोलनों में बड़ी संख्या में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बावजूद माकपा के संगठन में उसका अपेक्षित असर नहीं दिख रहा है। पार्टी की आंतरिक समीक्षा में सामने आया है कि राज्य में पार्टी की सदस्य संख्या बढ़ने के बजाय थोड़ी कम हुई है। कुल सदस्यों में 30 वर्ष से कम उम्र के युवाओं का अनुपात अब भी बेहद कम है।
60 प्रतिशत से अधिक शाखाओं में महिला सदस्य नहीं हैं। कल्याणी में हुई माकपा की राज्य कमेटी की विस्तारित बैठक में नए सदस्यों को जोड़ने, गलतियों को सुधारने और नियमित संगठनात्मक समीक्षा पर जोर दिया गया है।
