बंगाल में फर्जी बैंक खाते से 270 करोड़ का लेनदेन, बैंक मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बनगांव में एक निचली अदालत के क्लर्क के नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलकर करीब 270 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया।
-1789553744368_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बनगांव में फर्जी खाते से 270 करोड़ का लेनदेन।
क्लर्क के नाम पर खोला गया था फर्जी बैंक खाता।
मुख्य आरोपी, मैनेजर समेत तीन लोग गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना के बनगांव में निचली अदालत के एक क्लर्क के नाम पर फर्जी दस्तावेज से निजी बैंक में खाता खोलकर करीब 270 करोड़ रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया है।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित के साथ संबंधित बैंक के मैनेजर और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, फर्जी खाते का इस्तेमाल काले धन को सफेद करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, गोपालनगर के सुल्का दुर्गापुर गांव निवासी और बनगांव महकमा अदालत में क्लर्क मनोजित विश्वास को 2022 में आयकर विभाग से एक पत्र मिला। इससे उन्हें पता चला कि राजारहाट स्थित एक निजी बैंक की शाखा में उनके नाम पर ‘एमबी ट्रेडकन इंडिया’ नाम की कंपनी का खाता खोला गया है।
मनोजित ने बैंक पहुंचकर खाते की जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि शाखा मैनेजर ने उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रकम के स्रोत और नेटवर्क की जांच
शिकायत के आधार पर बनगांव साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने हाल में हुगली से मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया। इसके बाद सोमवार को बैंक मैनेजर समेत एक अन्य युवक को भी गिरफ्तार किया गया।
तीनों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रकम का स्रोत क्या था और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।
