West Bengal Assembly Election 2021: अमित शाह और नड्डा देर रात अचानक पहुंचे कोलकाता, भाजपा नेताओं के साथ की मैराथन बैठक
West Bengal Assembly Election 2021 असम से शाह अचानक देर रात कोलकाता पहुंच गए। शाह के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोलकाता पहुंचे। नड्डा भी असम में ही चुनाव प्रचार के सिलसिले में थे। इससे पहले शाह ने झाड़ग्राम व बांकुड़ा में चुनावी सभा को संबोधित किया।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय गृहमंत्री व भाजपा के कद्दावर नेता अमित शाह सोमवार को बंगाल में चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद चुनाव प्रचार के लिए असम चले गए थे। हालांकि, असम से शाह अचानक देर रात कोलकाता पहुंच गए। शाह के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोलकाता पहुंचे। नड्डा भी असम में ही चुनाव प्रचार के सिलसिले में थे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, दोनों शीर्ष नेताओं ने महानगर के वेस्टिन होटल में बंगाल में भाजपा के प्रमुख नेताओं के साथ देर रात तक मैराथन बैठक की। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे। अचानक दोनों कद्दावर नेता एक साथ कोलकाता क्यों पहुंचे हैं इसे लेकर कई बातें हो रही है। पहले कहा गया कि तीसरे और चौथे चरण के कई प्रत्याशियों के नामों को लेकर काफी असंतोष देखा जा रहा है। उसके कंट्रोल के लिए पहुंचे हैं।
क्योंकि हेस्टिंग्स स्थित भाजपा के मुख्य चुनाव कार्यालय के समक्ष भी जमकर विरोध-प्रदर्शन हुआ है। हुगली में विक्षुब्धों ने भाजपा दफ्तर को बंद कर दिया। तृणमूल से आए नेताओं को टिकट देने को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उसके मद्देनजर पहुंचे हैं।
वहीं यह भी कहा जा रहा है कि पहले चरण के मतदान से पहले रणनीति एवं बाकी चरणों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर शाह व नड्डा प्रदेश नेताओं के साथ मंत्रणा कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शाह ने झाड़ग्राम व बांकुड़ा में चुनावी सभा को संबोधित किया। हालांकि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते शाह झाड़ग्राम की रैली में सशरीर नहीं पहुंच सके। यहां उन्होंने डिजिटल माध्यम से रैली को संबोधित किया। इसके बाद दोपहर में उन्होंने बांकुड़ा जिले के रानीबांध में जाकर सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ममता सरकार पर करारा हमला बोला। फिर असम चले गए थे।