चुनाव आयोग के पास फिर पहुंची ममता की शिकायत, आरोप-केंद्रीय बल के जवानों से कहा, भाजपा के कहने पर गोलियां न चलाएं
भाजपा ने चुनाव आयोग से फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की शिकायत की है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि ममता ने नदिया जिले में चुनावी सभा में केंद्रीय बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा है कि वे भाजपा के लोगों की बात न सुनें।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : भाजपा ने चुनाव आयोग से फिर मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी की शिकायत की है। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आरिज आफताब को इस बाबत सौंपे गए शिकायती पत्र में भाजपा की तरफ से कहा गया है कि ममता ने नदिया जिले में एक चुनावी सभा में केंद्रीय बल के जवानों को संबोधित करते हुए कहा है कि वे भाजपा के लोगों की बात न सुनें। भाजपा के कहने पर गोलियां न चलाएं। वे आज हैं लेकिन कल नहीं रहेंगे। भाजपा ने कहा कि ममता बनर्जी का यह बयान चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाता है।
चुनाव के दौरान केंद्रीय बल आयोग के निरीक्षण में रहते हैं। राजनीतिक दलों का उनपर कोई अधिकार व प्रभाव नहीं रहता। ममता का यह बयान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इसके साथ ही भाजपा ने पांचवें चरण के मतदान के बाद हुई हिंसा को लेकर भी तृणमूल की शिकायत की है। भाजपा ने कहा कि नदिया जिले के चकदह इलाके में दिलीप कीर्तनिया नामक भाजपा कार्यकर्ता की तृणमूल के गुंडों ने नृशंस हत्या कर दी।
वहीं कालना में अखिल प्रमाणिक नामक भाजपा नेता का फंदे से लटकता शव बरामद हुआ। मृतक के परिजनों का कहना है कि उनके परिवार को काफी समय से धमकाया जा रहा था। पानीहाटी में भाजपा प्रत्याशी के घर व पार्टी कार्यालय में तृणमूल के गुंडों ने बमबाजी की।