बांग्लादेश लौटने की फिराक में चार अवैध घुसपैठिए गिरफ्तार, काम की तलाश में गए थे जम्मू-कश्मीर
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर में चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जो अवैध रूप से भारत में ...और पढ़ें
-1791645396541_m.webp)
बंगाल में चार बांग्लादेशी अवैध घुसपैठिए गिरफ्तार (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)
HighLights
चार बांग्लादेशी नागरिक पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार।
अवैध रूप से भारत में घुसकर जम्मू-कश्मीर गए थे।
बांग्लादेश लौटने की कोशिश में पुलिस ने पकड़ा।
जागरण संवाददाता, इस्लामपुर । भारतीय सीमा क्षेत्र से बांग्लादेश लौटने की फिराक में लगे चार बांग्लादेशी नागरिकों को बंगाल में उत्तर दिनाजपुर जिले की चाकुलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारों लोग बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे करीब पांच-छह महीने पहले अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए थे और काम की तलाश में जम्मू-कश्मीर चले गए थे। वहां से लौटने के बाद वे चाकुलिया थाना क्षेत्र के शिरसी इलाके में पहुंचे थे।
आशंका है कि वे किसी दलाल की मदद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश लौटने की योजना बना रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार चारों ने शिरसी इलाके में एक व्यक्ति के घर में शरण ली थी।
इसी दौरान पुलिस को उनके वहां मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद चाकुलिया थाने के आइसी अरिंदम मंडल के नेतृत्व में पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान चारों को पकड़कर थाने लाया गया।
होल्डिंग सेंटर भेजने की प्रक्रिया शुरू
शनिवार को चाकुलिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों बांग्लादेशी नागरिकों को होल्डिंग सेंटर भेजने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस उनके पास उपलब्ध दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि उनके पास भारत में प्रवेश करने और यहां रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज है या नहीं।
पुलिस इस मामले में केवल चारों आरोपितों की आवाजाही तक ही जांच सीमित नहीं रख रही है। जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या सीमा पार कराने के लिए किसी संगठित नेटवर्क की मदद ली जा रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
