Weather West Bengal: कोलकाता में कल से कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार, बंगाल के जिलों में 10 डिग्री से भी नीचे जा सकता है पारा
Weather West Bengal मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी झंझावत का प्रभाव नहीं होने के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिल्ली पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर को लेकर सतर्कता जारी की गई है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। कड़ाके की ठंड की बाट जोह रहे कोलकातावासियों के लिए अच्छी खबर है। शुक्रवार रात से पारा तेजी से लुढ़कना शुरू हो जाएगा। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, वही जिलों में पारा 10 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पश्चिमी झंझावत का प्रभाव नहीं होने के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर को लेकर सतर्कता जारी की गई है। इस शीतलहर का मध्य व पूर्वी भारत के राज्यों पर भी व्यापक असर पड़ेगा। अलीपुर मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बंगाल समेत पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों में शुक्रवार रात से तापमान कम होना शुरू हो जाएगा। बंगाल, बिहार, झारखंड, ओड़िशा में सप्ताहांत में पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस उतर सकता है।
बंगाल की खाड़ी में अभी किसी सिस्टम के सक्रिय नहीं होने के कारण भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना बन रही है। कोलकाता में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो अभी सामान्य से दो डिग्री अधिक है लेकिन आने वाले दिनों में इसमें तेजी से गिरावट होगी।
इस बीच कोहरे का प्रकोप भी जारी है। अगले 48 घंटों के दौरान ओड़िशा, बंगाल, छत्तीसगढ़ व बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसी तरह दिल्ली, पंजाब व पश्चिम भारत के विभिन्न राज्यों में भी कोहरे को लेकर सतर्कता जारी की गई है।गौरतलब है कि कोहरे का ट्रेन, सड़क व हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ रहा है।