Weather West Bengal: क्रिसमस के आसपास कोलकाता महानगर समेत राज्यभर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने संभावना जतायी है कि अगले सप्ताह यानी क्रिसमस के समय महानगर में कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। अगले सप्ताह तक कोलकाता का तापमान एक झटके में 3 से 4 डिग्री तक कम हो सकता है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। पिछले कई दिनों से महानगर समेत राज्यभर में भोर के समय में घना कुहासा छा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार क्रिसमस के आसपास राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। आमतौर पर कोलकाता में 15 दिसंबर के बाद से ठंड पड़नी शुरू होती है लेकिन कुहासे के कारण कयास लगाये जा रहे थे कि इस साल ठंड पड़ने में देर हो सकती है।
लेकिन मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने संभावना जतायी है कि अगले सप्ताह यानी क्रिसमस के समय महानगर में कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। अगले सप्ताह तक कोलकाता का तापमान एक झटके में 3 से 4 डिग्री तक कम हो सकता है। वहीं पर्वतीय इलाकों व जिलों में पारा और भी अधिक कम होने की संभावना है। 25 दिसंबर के आसपास राज्य के लोगों को ठंड की कंपकंपाहट महसूस हो सकती है।
इस समय राज्यभर में सुबह के समय में धुंध छाई रह रही है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बादल छंटने के बाद ही पारा नीचे जाना शुरू हो जाएगा। कोलकाता में इस साल भी दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बाद से पारा नीचे जाएगा। इससे पहले नवंबर माह में कुछ दिन पारा 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बाद में वह फिर बढ़ने लगा था।
मौसम विभाग के अनुसार ठंड नवंबर माह के रिकार्ड को तोड़ सकती है। मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। वहीं, अधिकतम तापमान पिछले कई दिनों से सामान्य से 1-2 डिग्री अधिक रह रहा है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में काफी ठंड पड़ रही है और वहां पारे के और भी नीचे जाने की संभावना है।
दार्जीलिंग में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री और कालिंपोंग में 9 डिग्री, पानागढ़ में 3, श्रीनिकेतन में 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलीपुर मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों के अंदर जिलों का तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है।